लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने का नीतिश कुमार ने बताया प्लान

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा कि अगर आगामी लोकसभा चुनाव में हम सभी मिलकर चले तो भाजपा 100 सीट के नीचे आ जाएगी। भाकपा (माले) के 11वें अधिवेशन में शनिवार को संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ-देश बचाओ राष्ट्रीय कन्वेंशन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आजादी की लड़ाई में भाजपा की कोई भूमिका नहीं थी, लेकिन आज आजादी की लड़ाई को भुनाने का प्रयास कर रहे हैं और नया इतिहास बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश दो भागों में बंट गया लेकिन देश में विभिन्न धर्मों को मानने वालों में लंबे समय से एकता रही है। हम सबको इस एकता को और मजबूत करना है। उन्होंने आगे कहा कि देश में व्यापक विपक्षी एकता का निर्माण हो, यह समय की मांग है। हम कांग्रेस के जवाब का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने मंच पर बैठे कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद से कहा कि यह संदेश कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचा दिया जाए। यदि हम सभी मिलकर चले तो भाजपा 100 के नीचे आ जाएगी।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बिहार में तो कोई दिक्कत नहीं है। हम चाहते हैं कि देश में अधिक से अधिक पार्टी एकजुट हों। उन्होंने कहा कि हमारी एक ही ख्वाहिश है देश को एकजुट करना, देश को अलग करने वाली ताकतों को खत्म करना। हम पहले भी साथ चले थे और एक बार फिर साथ चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि साल भर पहले भाजपा से अलग होने की बात हमारी पार्टी में चल रही थी और अंतत: हम उनसे अलग हो गए। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर आज काम कर रहे हैं। भाजपा से अलग होने पर सभी ने स्वागत किया। अब अधिक से अधिक पार्टियों को एकजुट करके लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे, तभी भाजपा से देश को मुक्ति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *