जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से आई बाढ़ में बहे दो सैनिक

जम्मू। कश्मीर के पूंछ इलाक़े में गश्त के दौरान भारतीय सेना के दो सैनिक नदी में बह गए। नायब सुबेदार कुलदीप सिंह और लांस नायक तेलू राम एरिया डोमिनेशन पेट्रोलिंग के दौरान अचानक आई बाढ़ में बह गए। भारतीय सेना ने दोनों जवानों के मारे जाने की पुष्टि की है। शनिवार को इन जवानों की तलाश में सेना ने अभियान भी चलाया था। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की वजह से आम जनजीवन प्रभावित है। राज्य में कई सड़कें बंद हैं और झेलम और चेनाब नदियां उफ़ान पर हैं।

खराब मौसम की वजह से अमरनाथ यात्रा निलंबित है और सैकड़ों पर्यटक फंसे हैं। रविवार सुबह भूस्खलन के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग भी बंद है। प्रवक्ता ने कहा, “सभी रैंक उनके सर्वोच्च बलिदान को सलाम करते हैं और भारतीय सेना शोक संतप्त परिवार के साथ एकजुटता से खड़ी है। जवान चभल कलां, तरनतारन, पंजाब का रहने वाला था। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।

बाढ़ में बहे दूसरे जवान का शव पुंछ में बरामद कर लिया गया है। जवान के बारे में फिलहाल विस्तारपूर्ण जानकारी नहीं प्राप्त है। प्रवक्ता ने कहा कि जवानों के श्रद्धांजलि समारोह आज दोपहर बाद राजौरी में आयोजित किया जाएगा। इस बीच, मौसम विभाग के एक अधिकारी ने अगले 24 घंटों में कठुआ, सांबा और रामबन, डोडा और उदमपुर जिलों में कुछ स्थानों पर व्यापक बारिश की भविष्यवाणी की है।

उन्होंने कहा कि 10 जुलाई से पूर्ण सुधार की उम्मीद है। लगातार बारिश के कारण उधमपुर में तवी नदी और डोडा जिले की भद्रवाह तहसील में नीरू नाला खतरे के निशान तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा, “कठुआ, सांबा और जम्मू क्षेत्र के अन्य निचले जलग्रहण क्षेत्रों के लिए रेड चेतावनी जारी की गई है। लोगों को अगले 24 घंटों के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *