ओडिशा में 15 दिन के अंदर रूस के तीसरे शख़्स की रहस्यमय ढंग से मौत

भुवनेश्वर। भारत के तटवर्ती राज्य ओडिशा में रूस के नागरिक का शव मिला है। बीते 15 दिनों में ये रूस के तीसरे नागरिक हैं, जिनकी ओडिशा में मौत हुई है। पुलिस के मुताबिक उनकी मौत की वजह की जानकारी अब तक नहीं हुई है। इसके पहले एक सांसद समेत दो लोगों की मौत पर भी ‘रहस्य का घेरा’ बना हुआ है। ओडिशा पुलिस ने बताया है कि मंगलवार को एक रूसी शख्स का शव बरामद हुआ है जिनकी पहचान मिल्याकोव सर्गेइ के रूप में हुई है।

इस शख़्स का शव जगतसिंहपुर जिले के पाराद्वीप बंदरगाह में खड़े एक शिप पर मिला है। 51 वर्षीय सर्गेइ एमबी अलदनाह शिप के मुख्य इंजीनियर थे। ये शिप पाराद्वीप बंदरगाह से होते हुए मुंबई से बांग्लादेश के चितगौंग बंदरगाह जा रही थी। समाचार एजेंसी के मुताबिक, सर्गेइ को इस जहाज में उनके चैंबर में सुबह 4:30 बजे मृत पाया गया था। पुलिस अब तक सर्गेइ की मौत की वजह का पता नहीं लगा सकी है।

पाराद्वीप पोर्ट ट्रस्ट के अध्यक्ष पीएल हरनंद ने रूसी इंजीनियर की मौत की पुष्टि करते हुए बताया है कि इस मामले में जांच जारी है। इससे पहले दिसंबर के आख़िरी दिनों में दो रूसी पर्यटकों की रहस्यमयी स्थितियों में ओडिशा के रायगडा शहर में मौत हो गयी थी। इनमें से एक शख़्स सांसद पावेल एंटोव (65 वर्षीय) थे, जिन्हें रूसी राष्ट्रपति पुतिन का आलोचक बताया जाता है।

इनकी मौत बीती 24 दिसंबर को होटल की तीसरी मंजिल से गिरने की वजह से हुई थी। पावेल एंटोव की मौत से ठीक दो दिन पहले ही 22 दिसंबर को उनके मित्र व्लादिमीर बिदेनोव की मौत हो गयी थी। इन दोनों मामलों की ओडिशा पुलिस जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *