Alvida 2023 story 5 cover

कुछ खुशी और कुछ गम के आँसू के साथ पूर्ण हुआ वर्ष 2023

कोलकाता। जैसा कि प्रति वर्ष होता आया है, वैसा ही वर्ष 2023 भी रहा है। देश भर में घटने वाली कई घटनाओं ने विशेष इतिहास रचने के कारण एक ओर तो देशवासियों की आँखों में खुशियों के आँसू छलकाएँ, तो दूसरी ओर कई हृदय विदारक घटनाओं ने देशवासियों की आँखों में दु:ख के आँसू भी बरसाए हैं। इस प्रकार खुशी और गम के अनगिनत यादों को अपने में समेटे वर्ष 2023 हम सब से विदा हो रहा है।

वर्ष 2023 में भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी के टेस्ट टीम रैंकिंग में प्रथम स्थान को हासिल करके क्रिकेट जगत में एक नया इतिहास ही रच दिया, जो क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह एक सुनहरा पल रहा था। भारतीय क्रिकेट इतिहास में यह पहला मौका रहा, जब हमारी राष्‍ट्रीय क्रिकेट टीम तीनों प्रारूपों में एक साथ शीर्ष स्थान पर अपना प्रभुत्व स्थापित कर हम भारतीयों को गौरवान्वित किया।

इस वर्ष अप्रैल में भारत ने जनसंख्या के मामले में चीन को पछाड़ कर दुनिया की सबसे अधिक आबादी वाला देश बन गया। संयुक्त राष्ट्र के अनुमान के अनुसार, भारत की जनसंख्या अगले तीन दशकों तक बढ़ने की उम्मीद जताई गई है। जनसंख्या के क्षेत्र में विश्व भर में प्रथम स्थान का हकदार बनकर हमारा देश भारत ने हमें एक ओर हर्ष की अनुभूति कारवाई, तो दूसरी ओर बढ़ती आबादी से उत्पन्न कुछ सामाजिक और राष्ट्रीय मुसीबतों को स्मरण कर चिंता भी अवश्य ही बढ़ाई है। हालांकि, बहुत जल्दी ही देश ने जनसंख्या पर नियंत्रण रखते हुए उसमें धीरे-धीरे गिरावट दर्ज करने लगा है।

इस वर्ष देश को 971 करोड़ में निर्मित उसका एक नया और अत्याधुनिक संसद भवन प्राप्त हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के एक हिस्से के रूप में 28 मई को नए संसद भवन का उद्घाटन किया। यह भवन लोकसभा में 888 सांसदों और राज्यसभा में 300 सांसदों को एक साथ समायोजित कर सकता है। 18 सितंबर 2023 को पुराने संसद भवन में एक छोटे से कार्यक्रम किया गया । 18 सितंबर 2023 को इस नवीन सांसद भवन में प्रवेश किया गया और एक ऐतिहासिक बिल महिला आरक्षण विधेयक पारित किया गया। जिसने संसद के एक नए अध्याय की शुरूआत की। पुरानी संसद बिल्डिंग को संग्रहालय बनाने की मंजूरी प्राप्त हो गई।

लेकिन इसके साथ ही 2 जून 2023 की खबर समस्त भारतीयों को अश्रूपूर्ण कर दिया। ओडिशा के बालोसोर जिले के बहनाग बाजार रेलवे स्टेशन के पास ही में कोरोमंडल एक्स्प्रेस, बेंगलुरू-हावड़ा सुपरफास्ट एक्स्प्रेस और एक मालगाड़ी, तीन ट्रेनें आपस में टकरा गई थीं। कोरोमंडल एक्सप्रेस बहनागा बाजार रेलवे स्टेशन के पास मेन लाइन में जाने की बजाए पूरी स्पीड से पासिंग लूप में चली गई और एक मालगाड़ी से टकरा गई। कोरोमंडल एक्सप्रेस के 21 डिब्बे पटरी से उतर गए और उनमें से तीन डिब्बे दूसरी पटरी से गुजर रही बेंगलुरू-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस से टकरा गए। इस ट्रेन हादसे में 296 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1200 से अधिक लोग घायल हो गए थे।

यह भी पढ़ें:  इमरान खान ने दी पाकिस्तान के बिखरने की चेतावनी

जुलाई माह में देश को प्रकृति विपर्यय की भयानक दंश सहन करनी पड़ी थी। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण पूरे राज्य को विनाशकारी भूस्खलन और बाढ़ का सामना करना पड़ा। इस आपदा ने पूरे खूबसूरत पर्यटन स्थल की खूबसूरती को खत्म कर दिया और करोड़ों की संपत्ति तबाह कर दी। सरकार के आकलन के मुताबिक, राज्य को लगभग 12,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए वर्ष 2023 उपलब्धियों का साल रहा है। देश ने 14 जुलाई को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाया। देश ने पूर्णतः स्वदेशी और अबतक के सबसे कम लागत में निर्मित अपना चंद्रयान मिशन-3 इसी दिन लॉन्च कर सबको चकित कर दिया। अगस्त का महीना भी देश के लिए एक ऐतिहासिक महीना साबित हुआ। 23 अगस्त को देश ने अपने चंद्र मिशन चंद्रयान-3 को सफलतापूर्वक चांद की सतह पर लैंड कर के विशेष इतिहास रच दिया। चाँद की दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला हमारा देश भारत इकलौता देश बना। इसके बाद बड़ी ही शान से रोवर प्रज्ञान भी लैंडर विक्रम से बाहर आया और चंद्रमा की सतह पर चहल-कदमी की। लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान एक चंद्रमा दिवस तक चंद्रमा पर कार्य करते रहें। इस दौरान चंद्रमा पर कई परीक्षण किए और आंकड़े धरती पर भेजते रहे। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद पूरे विश्व में भारत की वाहवाही होने लगी। हर किसी ने भारत की उपलब्धि पर बधाई दी थी।

सितंबर के महीने में भी देश ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की, नई दिल्ली में G20 शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें कई शक्तिशाली वैश्विक नेताओं ने राजधानी दिल्ली में आयोजित इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था। पूरे विश्व ने भारत में आयोजित शिखर सम्मेलन के बाद भारत देश की वैश्विक राजनीति क्षमता का लोहा माना।

G-20 की सफलता के बाद ही देश में 13-14 अक्टूबर 2023 को P-20 Summit का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली के द्वारका के ‘इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर’ में किया गया था। पी-20 शिखर सम्मेलन में जी 20 देशों के संसद अध्यक्ष और सभापतियों ने हिस्सा लिया था। इस समिट में 25 देशों के प्रेजाइडिंग ऑफिसर और G20 सदस्य देशों के 10 डिप्टी स्पीकर शामिल हुए थे, जो देश के लिए विश्व स्तरीय गौरव का विषय रहा है।

यह भी पढ़ें:  कृष्ण जन्माष्टमी आज

चीन में आयोजित एशियन गेम्स में इस वर्ष देश ने 100 मेडल के आंकड़ा छूकर क्रीड़ा जगत में एक और विशेष इतिहास रचा। भारत ने हांगझोऊ 2023 में 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य समेत कुल 107 पदक जीत कर अपना विशेष कीर्तिमान को स्थापित किया।

पर इन खुशी के पलों के साथ ही उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सिलक्यारी नामक जगह पर नेशनल हाईवे 134 से जोड़ने के लिए सड़क बनाने के लिए टनलिंग के जारी काम दौरान 12 नवंबर को जब पूरा देश दीवाली का पर्व मना रहा था, तो उसी दिन टनल का एक हिस्सा अचानक धंस जाने के कारण उसमें 41 मजदूर बुरी तरह से फंस गए। वे जिंदगी और मौत की कठिन लड़ाई लड़ रहे थे। तुरंत ‘जिंदगी’ आपरेशन नाम से राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। मजदूरों को उस मौत की गुफा से बाहर निकालने के लिए कोशिशें लगातार जारी रहीं, उनसे संपर्क साधा गया और उन्हें उम्मीद बंधाई गई और अंततः देशवासियों की प्रार्थना काम आ गई और 17 दिनों की मेहनत के बाद 28 नवंबर को सभी मजदूरों को सकुशल बाहर निकाला गया। फलतः उन पीड़ित मजदूरों के घर 28 नवंबर को भव्य दिवाली मनी।

इसी तरह से वर्ष 2023 क्रिकेट प्रेमियों के लिए काफी दु:ख भरा भी रहा है । वर्ल्ड कप सीरीज में भारत ने काफी सफलता पूर्वक हर एक पायदान पर अपनी पहुंच बनाते हुए फाइनल तक पहुंच गया। देश को उम्मीद थी कि हमारी क्रिकेट टीम इस वर्ष अवश्य ही विश्व चैंपियन साबित होगी। 19 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल खेला गया। उस विश्व स्तरीय फाइनल में हमारी उम्दा क्रिकेट टीम पराजित हो गई। उस शाम देश के लगभग 1.4 अरब लोगों का दिल टूट गया था।

3 दिसंबर को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम के चुनावी परिणाम सामने आए, जहाँ तीन राज्यों में भाजपा को भारी बहुमत से जीत हासिल हुई। वहीं, तेलंगाना में कांग्रेस और मिजोरम में जेडपीएम पार्टी ने भारी बहुमत से जीत हासिल की और अपनी-अपनी सरकारें बनाईं।

इस साल 13 दिसंबर को संसद भवन हमले के सालगिरह पर ही नए संसद भवन में एक और बड़ी घटना को अंजाम दिया गया, जो हर देशवासी के हृदय पर एक गहरा घाव कर गया। लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कुछ देशद्रोही लोग अंदर कूद गए और कैन से पीले रंग का धुंआ छोड़ दिए। हालांकि, थोड़ी ही देर में सांसदों द्वारा उन पर काबू पा लिया गया, जिसके बाद आरोपी सत्ता विरोधी नारे लगाने लगे थे। फिलहाल, इस मामले पर दिल्ली पुलिस और स्पेशल सेल की बारीकी से जाँच चल रही है।

यह भी पढ़ें:  11 मार्च : आज का राशिफल व पंचांग जानें- पं. मनोज कृष्ण शास्त्री से

सत्य भी है दु:ख-सुख के धागों से ही किसी का जीवन और किसी राष्ट्र का भविष्य बना होता है। निराश होने की कोई बात नहीं है। अगला वर्ष 2024 देश के लिए उपलब्धियों से परिपूर्ण होगा, यही हम सब की कामना होनी चाहिए।

श्रीराम पुकार शर्मा

श्रीराम पुकार शर्मा
हावड़ा – 711101
ई-मेल सूत्र – rampukar17@gmail.com

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Kolkata News Desk Avatar

Kolkata News Desk

News Editor MA

कोलकाता और पश्चिम बंगाल की ब्रेकिंग न्यूज, स्थानीय घटनाओं, खेल, राजनीति और सामाजिक मुद्दों की खबरों को कवर करता है। हमारी डेस्क टीम 24×7 सक्रिय रहकर पाठकों को ताज़ा और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराती है।

Areas of Expertise: Sports, Politics & West Bengal
Fact Checked & Editorial Guidelines

Our Fact Checking Process

We prioritize accuracy and integrity in our content. Here's how we maintain high standards:

  1. Expert Review: All articles are reviewed by subject matter experts.
  2. Source Validation: Information is backed by credible, up-to-date sources.
  3. Transparency: We clearly cite references and disclose potential conflicts.
Reviewed by: Subject Matter Experts

Our Review Board

Our content is carefully reviewed by experienced professionals to ensure accuracy and relevance.

  • Qualified Experts: Each article is assessed by specialists with field-specific knowledge.
  • Up-to-date Insights: We incorporate the latest research, trends, and standards.
  • Commitment to Quality: Reviewers ensure clarity, correctness, and completeness.

Look for the expert-reviewed label to read content you can trust.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *