टेट 2022 के परिणाम घोषित, 177 लोग टॉप 10 में

कोलकाता। शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार को लेकर चल रहे विवाद के बीच वर्ष 2022 में हुई प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) के परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिए गए हैं। प्राथमिक शिक्षा परिषद के वर्तमान अध्यक्ष गौतम पाल ने यह परिणाम घोषित किया है। बताया गया है कि पूर्व बर्धमान की युवती इना सिंह ने इसमें टॉप किया है। उन्हें 133 नंबर मिले हैं। चार लोग सेकंड हुए हैं और चारों ही लड़कियां हैं। टॉप टेन में कुल 177 लोगों ने जगह बनाई है। शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे के करीब गौतम पाल ने टेट 2022 के परिणाम घोषित किया।

उन्होंने फर्स्ट रैंक हासिल करने वाली युवती के नाम की घोषणा की। साथ ही द्वितीय स्थान पर आने वाली चारों युवतियों का भी नाम उन्होंने बताया। ये हैं हुगली की मनीषा कुंडू, पश्चिम मिदनापुर की मेघना चक्रवर्ती और दीपिका रॉय और पूर्वी बर्दवान की अदिति मजूमदार। उनका स्कोर 132 है। तीसरे स्थान पर भी चार लोग हैं। उत्तर 24 परगना के मेहदी हसन, पूर्व मिदनीपुर के विकास भक्त, पश्चिम मिदनीपुर के मोनामी अधिकारी और बांकुड़ा के प्रह्लाद मंडल शामिल हैं। उनका स्कोर 131 है। गौतम ने कहा कि परिणाम की घोषणा के बाद शेष 6.20 लाख टीईटी अभ्यर्थी भी बोर्ड की वेबसाइट पर अपना परिणाम जान सकेंगे।

भर्ती भ्रष्टाचार को लेकर राज्य भर में अशांति के बीच, कलकत्ता उच्च न्यायालय ने प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा टीईटी दिसंबर 2022 में आयोजित करने का आदेश दिया था। परीक्षा के लिए छह लाख 90 हजार 932 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें छह लाख 19 हजार 102 ने परीक्षा दी। इनमें एक लाख 50 हजार 491 पास हुए। यानी कुल उम्मीदवारों का 24.31 फीसदी। 2022 की इस परीक्षा के परिणाम में देखा गया है कि डेढ़ लाख से अधिक टीईटी अभ्यर्थियों में 69 हजार 408 महिला अभ्यर्थी हैं। 81 हजार 77 पुरुष। छह तीसरे लिंग के उम्मीदवार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *