पद्मश्री डॉ. कृष्ण बिहारी जी मिश्र को मिला छविनाथ मिश्र साहित्य साधना सम्मान 

  • सूर्यकुमार पांडेय को शंभू प्रसाद श्रीवास्तव साहित्य सृजन सम्मान

कोलकाता। शिक्षा, सेवा, साहित्य-संस्कृति की संवाहक संस्था संकल्प सृष्टि ने आज कोलकाता महानगर के साहित्य जगत में एक नई इबारत लिखते हुए दो महान साहित्य मनीषियों के नाम पर प्रणीत दो साहित्य सम्मानों से दो मूर्धन्य साहित्यकारों को सम्मानित किया। आज रबीन्द्र भारती विश्वविद्यालय के रथीन्द्र मंच में आयोजित संकल्प सृष्टि साहित्य सम्मान 2021 में ‘पं. छविनाथ मिश्र साहित्य साधना सम्मान’ लब्धप्रतिष्ठित साहित्य मनीषी पद्मश्री डॉ. कृष्ण बिहारी जी मिश्र, कोलकाता को तथा ‘शंभू प्रसाद श्रीवास्तव साहित्य सृजन सम्मान’ मूर्धन्य बालकवि श्री सूर्यकुमार जी पांडेय, लखनऊ को सादर प्रदान किया गया।

पं. छविनाथ मिश्र साहित्य साधना सम्मान’ प्राप्त कर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पद्मश्री डॉ. कृष्ण बिहारी जी मिश्र ने कहा कि वह अस्वस्थ्यता के कारण पिछले 2 वर्षों से घर से बाहर नहीं निकले हैं, लेकिन संकल्प सृष्टि एवं उसके प्रधान सचिव श्री अविनाश कुमार गुप्त के प्रति स्नेह था कि वह अपने आपको रोक नहीं सके। इसके लिए विशेष रूप से वह आए। इसके साथ ही उन्होंने पं. छविनाथ मिश्र से अपने लगाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इस पुरस्कार का शुभारंभ करना बहुत ही अच्छी पहल है। इसके पूर्व कार्यक्रम के प्रधान सचिव श्री अविनाश कुमार गुप्त ने स्वागत वक्तव्य दिया।

‘शंभू प्रसाद श्रीवास्तव साहित्य सृजन सम्मान’ प्राप्त करने के बाद मूर्धन्य बालकवि श्री सूर्यकुमार जी पांडेय ने कहा कि उन्हें अब तक जो पुरस्कार एवं सम्मान मिले हैं, उनमें यह सम्मान बहुत नायाब है। इसके साथ ही उन्होंने साहित्य जगत के विभिन्न पहलुओं पर बात की। उन्होंने बताया कि बालकवि होने या बाल कविताओं के क्या मायने एवं क्या जिम्मेदारियां हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सम्मानित अतिथि डॉ. प्रेम शंकर त्रिपाठी ने गुरुवर पद्मश्री डॉ. कृष्ण बिहारी जी मिश्र से सानिध्य एवं साहित्य जगत में उनके योगदान पर चर्चा की। इसके पूर्व श्री संजय बिन्नानी ने पं. छविनाथ मिश्र का परिचय दिया। संकल्प सृष्टि के प्रधान संरक्षक श्री राकेश हिम्मतसिंहका ने कार्यक्रम की सफलता के लिए अपनी विशेष शुभकामनाएं दीं।समारोह में उपस्थित डॉ. वसुमति डागा ने बालकवि शंभू प्रसाद श्रीवास्तव का परिचय दिया तथा उनके गीतों को सुमधुर स्वर दिया। इसके साथ ही, कार्यक्रम को उद्योगपति एवं समाजसेवी श्री रामगोपाल अग्रवाल तथा संस्था के अध्यक्ष श्री नवलकिशोर परसरामका ने संबोधित किया।

इस अवसर पर, मुख्य अतिथि के रूप में यादवपुर विश्वविद्यालय के प्रो. संजय मुखोपाध्याय ने भी मंच को सुशोभित किया। इस अवसर पर साहित्य, समाजसेवा, उद्योग, शिक्षा जगत से विद्वानों और गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति रही। समारोह के आरम्भ में संकल्प सृष्टि द्वारा परिचालित स्कूल फॉर स्पेशल चिल्ड्रेन तथा संकल्प सृष्टि वनवासी शिक्षा निकेतन के विद्यार्थियों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सुनीता मंडल द्वारा किया किया। जाने-माने लेखक एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अभिज्ञात ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुबर्णा मालाकार, जवाहर लाल आसावत, चिरंजीब कुमार प्रसाद, कविता पोद्दार, आनंद सिंह खरवार, दीपा सिंह, कल्पना दास का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *