राशन भ्रष्टाचार के सरगनाओं को बख्शा नहीं जाना चाहिए : दिलीप घोष

कोलकाता। राशन भ्रष्टाचार मामले में मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक की गिरफ्तारी के बाद उनकी बेटी प्रियदर्शनी पर भी ईडी की नजर है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा सांसद दिलीप घोष ने एक बार फिर राज्य सरकार को घेरा। कोलकाता के ईको पार्क में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि गौ तस्करी मामले में अनुब्रत की बेटी सुकन्या को भी ईडी ने गिरफ्तार किया था। वह फिलहाल अणुब्रत मंडल (केष्टो) के साथ तिहाड़ जेल में बंद हैं। केष्टो के मामले में जैसा हुआ था इस मामले में भी वैसा ही हो रहा है।

इन लोगों ने बड़े पैमाने पर भष्टाचार किया है। लोगों के सामने इन्हें बेनकाब करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में कोई ऐसा नहीं करे। नगरपालिकाओं में हुए भ्रष्टाचार के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा कि कई नगर पालिकाओं के चेयरमैनों को ईडी बुला चुकी है। बाकी लोग डरे हुए हैं। सालों से चल रहा ये पूरा भ्रष्टाचार ममता बनर्जी के आशीर्वाद से हुआ है। इस भ्रष्टाचार की जड़ें बहुत गहरी हैं।

भ्रष्टाचार के पूरे मामले को सुलझाने में ईडी, सीबीआई को कई साल लग जाएंगे लेकिन सरगनाओं को बख्शा नहीं जाना चाहिए। दरअसल, हाल ही में ईडी की 20 घंटे की मैराथन तलाशी के बाद राशन भ्रष्टाचार मामले में वर्तमान वन मंत्री और पूर्व खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक को गिरफ्तार कर लिया गया था। इस मामले में मंत्री की बेटी प्रियदर्शिनी और पत्नी मणिदीपा को भी अटैच किया है।

उनकी संपत्ति वृद्धि को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। प्रियदर्शनी मल्लिक पहले से ही ईडी के घेरे में हैं। रविवार को वह ईडी के बुलावे पर पेश हुई थीं। ईडी ने दावा किया कि राशन घोटाले के सिलसिले में ज्योतिप्रिय और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर कई बैंक खातों में अवैध लेनदेन किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *