छत्तीसगढ़ : मुठभेड़ में दो महिला नक्सल समेत सात नक्सली ढेर

नारायणपुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर और कांकेर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो महिला नक्सलियों समेत सात नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिलों के टेकमेटा और काकूर गांव के मध्य जंगल में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो महिला नक्सली समेत सात नक्सलियों को मार गिराया है।

उन्होंने बताया कि सोमवार को नारायणपुर और कांकेर जिलों के सीमावर्ती अबूझमाड़ क्षेत्र में ‘डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड’ (डीआरजी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ़) के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान आज सुबह लगभग छह बजे जब सुरक्षाबल के जवान टेकमेटा और काकूर गांव के मध्य जंगल में थे तब नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की।

उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद सुरक्षाबलों ने जब घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां दो महिला नक्सलियों समेत सात नक्सलियों का शव बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में खोज अभियान के दौरान नक्सली डेरे से एक एके 47 राइफल समेत कई हथियार, गोला बारूद और दैनिक उपयोग का सामान जब्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि इलाके में खोज अभियान जारी है तथा मुठभेड़ के संबंध में अधिक जानकारी ली जा रही है। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में इस महीने की 16 तारीख को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 29 नक्सलियों को मार गिराया था।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *