केंद्र सरकार ईंधन की कीमतें बढ़ाकर जनता का उत्पीड़न कर रही : ममता

कोलकाता। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार ईंधन की कीमतों में नियमित रूप से इजाफा करके देश की जनता का उत्पीडऩ कर रही है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर ममता ने यह आरोप लगाया। ममता ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस (एलपीजी) और अन्य जरूरी चीजों के दाम बढ़ाकर महान भारतीय लूट (ग्रेट इंडियन लूट) कर रही है। ममता ने ट्वीट किया, केंद्र सरकार को भारत के लोगों का उत्पीडऩ तुरंत बंद करना चाहिए।

ईंधन, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बार-बार वृद्धि करके भाजपा वास्तव में एक महान भारतीय लूट (ग्रेट इंडियन लूट) कर रही है। देश के लोगों को बेवकूफ बनाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि घरेलू रसोई गैस की कीमत में शनिवार को 50 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि की गई, जो पिछले दो महीनों में की गई दूसरी वृद्धि है। इससे कोलकाता में घरेलू रसोई गैस की कीमत बढ़कर 1,026 रुपये हो गई है।

रसोई गैस सिलेंडर की कीमत स्थानीय करों के आधार पर अलग-अलग शहरों में अलग-अलग होती है। बताते चलें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल में कोरोना को लेकर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में महाराष्ट्र, केरल और पश्चिम बंगाल जैसे विपक्षी राज्यों से पेट्रोल डीजल से वैट कम करने की अपील की थी, ताकि जनता को महंगाई से कुछ राहत मिल सके लेकिन उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद मच गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *