Images 2021 02 21T154936.835

ब्रिटेन : शाही परिवार के कामकाजी सदस्यों के रूप में वापस नहीं आएंगे हैरी व मेघन

लंदन : बकिंघम पैलेस ने पुष्टि की है कि ससेक्स के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेघन मार्कल अब शाही कर्तव्यों की ओर नहीं लौटेंगे और हैरी अपने मानद सैन्य खिताबों को भी त्याग देंगे। गौरतलब है कि मार्च, 2020 में हैरी और मेघन पूर्णकालिक शाही जीवन से दूर चले गए थे। तब से उनकी भूमिकाओं पर मीडिया की पैनी नजर थी और यह सहमति व्यक्त की गई थी कि एक साल बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी। अब एक साल गुजर जाने के बाद रॉयल पैलेस ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि शाही दंपति – जिन्हें ड्यूक एंड डचेस ऑफ ससेक्स के रूप में भी जाना जाता है, ने सत्यापित किया है कि वे शाही परिवार के कामकाजी सदस्यों के रूप में वापस नहीं आएंगे।

बयान में यह भी कहा गया है कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने अपने 36 वर्षीय पोते से बात की है और पुष्टि की है कि शाही परिवार के काम से दूर जाने के बाद, सार्वजनिक सेवा के जीवन के साथ आने वाली जिम्मेदारियों और कर्तव्यों को जारी रखना संभव नहीं है। वर्तमान में दोनों अमेरिका में हैं। वे लॉस एंजेलिस में शिफ्ट हो गए थे। मेघन गर्भ से हैं और अपने दूसरे बच्चे की उम्मीद कर रही हैं। उनके पहले बच्चे प्रिंस आर्ची के जन्म के बाद उन्हें दर्दनाक गर्भपात की पीड़ा झेलनी पड़ी थी।

रॉयल पैलेस ने कहा कि हैरी की रॉयल मरीन के कप्तान जनरल के रूप में नियुक्ति और अन्य सैन्य समूहों के खिताबों को शाही परिवार के अन्य सदस्यों को वितरित किए जाने से पहले रानी को वापस कर दिया जाएगा। हैरी ने एक दशक तक ब्रिटिश सेना में सेवा की। इसके अलावा उन्होंने अफगानिस्तान में अग्रिम मोर्चे पर भी सेवा दी। वह सेना के साथ एक करीबी संबंध रखते हैं। उन्होंने घायल सैनिकों के लिए इनविक्टस गेम्स प्रतियोगिता का आयोजन किया। यह पहली बार 2014 में लंदन के क्वीन एलिजाबेथ ओलंपिक पार्क में आयोजित की गई थी और यह बेहद लोकप्रिय है।

इन्विक्टस गेम्स फाउंडेशन ने कहा कि हैरी इसके संरक्षक बने रहेंगे। वह रग्बी फुटबाल यूनियन, रग्बी फुटबाल लीग और लंदन मैराथन चैरिटेबल ट्रस्ट के संरक्षक के रूप में पद छोड़ रहे हैं। इसके साथ ही 39-वर्षीय मेघन को ब्रिटेन के नेशनल थिएटर और एसोसिएशन ऑफ कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटीज के संरक्षक के रूप में उनकी भूमिका से हटा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

fourteen + 4 =