मालदा में महिलाओं को निर्वस्त्र कर पिटाई मामले में भाजपा का 20 घंटे से धरना प्रदर्शन जारी

– पुलिस पर लगा शांतीपूर्ण प्रदर्शन पर लाठीचार्ज का आरोप, 2 महिला घायल

मालदा। मालदा के पकुआहाट घटना को लेकर भाजपा का पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष धरना, प्रदर्शन 20 घंटे से अधिक समय से जारी है। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की शिकायत की। हालांकि पुलिस ने लाठीचार्ज की घटना से इंकार किया है। गौरतलब है कि बामनगोला थाना क्षेत्र के पाकुआहाट इलाके में कुछ लोगों ने कथित तौर पर पैसे चुराने के आरोप में 2 अधेड़ उम्र की महिलाओं को निर्वस्त्र कर पिटाई कर दी। घटना बीते शुक्रवार रात से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो राज्य की सियासत में हंगामा मच गया।

पुलिस ने सरेआम पिटाई के मामले में 2 महिलाओं समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हुई फुटेज देखकर बाकी हमलावरों की तलाश में जुट गई है। घटना के विरोध में भाजपा सांसद खगेन मुर्मू, हबीबपुर विधायक ज्वेल मुर्मू और पार्टी का जिला नेतृत्व शनिवार से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गये हैं। रविवार को भी भाजपा का रुख और धरना प्रदर्शन जारी है। आरोप है कि आज सुबह धरने पर बैठे भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं।

उत्तर मालदा से भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने कहा, हम पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। तेज धूप से बचने के लिए कुछ कार्यकर्ता तिरपाल लगाने की कोशिश कर रहे थे। उस वक्त पुलिस ने पार्टी के पुरुष और महिला कार्यकर्ताओं की अंधाधुंध पिटाई की। हमारी 2 महिला कार्यकर्ता घायल हो गईं हैं। पाकुआहाट मामले में पुलिस अब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। लेकिन हम शांतिपूर्वक विरोध कर रहे हैं फिर भी हम पर जुल्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक पिछले शनिवार से लापता हैं। वह इस कार्यालय में नहीं आ रहे हैं।

हमने घटना का पुरजोर विरोध शुरू किया है। पुलिस की अमानवीयता को लेकर पहले ही केंद्रीय मानवाधिकार आयोग से शिकायत की जा चुकी है। हम इस स्थिति का तब तक विरोध करते रहेंगे जब तक सभी लोगों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती। इस बीच पुलिस ने लाठीचार्ज की घटना से इनकार किया है और पकुआहाट घटना में 5 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और पूरे मामले की जांच की घोषणा की है।

पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में महिलाओं के साथ बर्बरता के खिलाफ एबीवीपी ने उत्तर दिनाजपुर में जताया विरोध

उत्तर दिनाजपुर। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के पाकुआहाट और अलीपुरद्वार जिले के फालाकाटा में महिलाओं को निर्वस्त्र कर पिटाई की नारकीय यातना के खिलाफ एबीवीपी द्वारा हर जिले में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके तहत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उत्तर दिनाजपुर जिला शाखा ने रविवार दोपहर रायगंज के विवेकानंद मोड़ पर विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया।

एबीवीपी के जिला संयोजक दीप दत्ता ने कहा कि मणिपुर में महिलाओं पर बर्बर अत्याचार और मालदा में नारकीय अत्याचार दोनों मामलों में एबीवीपी मुखर रही है, लेकिन मुख्यमंत्री ने मणिपुर की घटना का विरोध तो किया है, लेकिन मालदा की घटना पर वह चुप हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *