केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नीशिथ प्रमाणिक पर हमले के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया

केंद्रीय मंत्री नीशिथ प्रमाणिक पर हमले के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधाननगर थाने के सामने दिया धरना

सिलीगुड़ी। कूचबिहार के केंद्रीय मंत्री नीशिथ प्रमाणिक पर हमले के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने सिलीगुड़ी के प्रधाननगर थाने के सामने धरना दिया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने रविवार को सिलीगुड़ी के मल्लागुड़ी में खुदीरामूर्ति के सामने पार्टी के संगठनात्मक जिला सिलीगुड़ी से एक विरोध मार्च निकाला और सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के प्रधान नगर पुलिस स्टेशन के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस धरना कार्यक्रम में माटीगाड़ा नक्सलबाड़ी के विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के सिलीगुड़ी सांगठनिक जिलाध्यक्ष आनंदमय बर्मन, फांसीदेवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक दुर्गा मुर्मू सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता समर्थक शामिल हुए।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जयगांव थाने का घेराव

अलीपुरदुआर। केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रामाणिक के काफिले पर हमले के विरोध में रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जयगांव थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। रविवार को भाजपा कालचीनी 1 ब्लॉक कमेटी ने जयगांव थाने में विरोध प्रदर्शन किया। इस दिन सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक जयगांव थाने पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश छेत्री भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

भाजपा ने जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने के सामने टायर जलाकर जताया विरोध

जलपाईगुड़ी। रविवार को जलपाईगुड़ी जिला भाजपा ने जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने के गेट से सटे इलाके में दोपहर में विरोध मार्च निकाला। गौरतलब है कि शनिवार को कूचबिहार जिले के बुड़िरहाट इलाके में तृणमूल कार्यकर्ताओं के एक समूह ने भाजपा सांसद और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशित प्रमाणिक की कार में तोड़फोड़ की थी। तब से, जलपाईगुड़ी सहित पूरे उत्तर बंगाल में भाजपा ने थाना घेराव कार्यक्रम चल रहा है। पार्टी सांसद और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री पर तृणमूल हमले की घटना का विरोध करते हुए, भाजपा ने रविवार को राज्य भर में थाने से थाने तक विरोध कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की।

जिसके तहत जलपाईगुड़ी जिला भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष पॉलेन घोष रविवार की शाम कोतवाली थाने में भाजपा जिला सचिव श्याम प्रसाद के नेतृत्व में घेराव कर प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस संदर्भ में नेताओं ने कहा कि जब पश्चिम बंगाल में एक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री की सुरक्षा नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा कहां है। उसके बाद भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने थाना मोड़ पर टायर जलाकर विरोध जताया। कोतवाली थाना परिसर में धरना प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल देखा गया।

कूचबिहार में कोतवाली थाने में भाजपा का घेराव कार्यक्रम

कूचबिहार। निशिथ प्रमाणिक के काफिले पर हमले के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कूचबिहार में कोतवाली थाने का घेराव किया। आज भाजपा जिला नेतृत्व व भाजपा कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय से विशाल रैली लेकर कूचबिहार के कोतवाली थाने में विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे।

तृणमूल कांग्रेस व पुलिस की मिलीभगत से हुआ काफिले पर हमला- निशिथ प्रमाणिक

कूचबिहार। गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने आज बुड़िरहाट इलाके में उन पर हुए हमले को लेकर पत्रकार सम्मेलन में पुलिस व तृणमूल कार्यकर्ताओं की मिलीभगत का आरोप लगाया है। पत्रकारों से उन्होंने कहा कि पुलिस और तृणमूल कांग्रेस ने कल इस घटना को अंजाम देने की साजिश रची थी। उन्होंने कहा कि पुलिस तृणमूल कांग्रेस की गुलाम बन गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तृणमूल नेताओं के लगातार भड़काऊ भाषणों के परिणामस्वरूप इलाकों में ऐसी घटनाएं हो रही हैं।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक के काफिले पर हमले का विरोध, मालदा के विभिन्न थाने का घेराव

मालदा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक के काफिले पर हुए हमले का विरोध मालदा में शुरू हो गया। चांचल 12 नंबर मंडल भाजपा नेतृत्व ने रविवार दोपहर मालदा स्थित चांचल थाने का घेराव कर धरना दिया। थाने के मुख्य गेट के सामने भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक धरने पर बैठ गए। काफी देर तक प्रदर्शन कार्यक्रम चलते रहे। मालदा जिला भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष अयान रॉय, मालदा जिला भाजपा जिला समिति के सदस्य प्रशांत पाल और अन्य ने विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया।

गौरतलब है कि शनिवार को कूचबिहार के दिनहाटा के बुरिरहाट में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री निशीथ प्रमाणिक के काफिले पर हमला किया गया था। जिसका आरोप भाजपा की ओर से तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाया गया था। इस घटना के 24 घंटे बाद रविवार को भाजपा ने प्रदेशभर में विरोध कार्यक्रम शुरू किया है। पूरे मालदा में भाजपा नेतृत्व ने विभिन्न थानों का घेराव कर धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम शुरू कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *