कोर्ट पहुंचे रेसलर सुशील कुमार, पुलिस ने रखा था 1 लाख का इनाम

नई दिल्ली। Sports News : पहलवान सागर धनखड़ हत्या मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी ओलंपिक विजेता सुशील गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में पहुंच चुके हैं। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार की तलाश तेज करते हुए पुलिस ने उनके नाम पर सोमवार को एक लाख का इनाम घोषित कर दिया था।

ऑलंपियन पहलवान सुशील कुमार की अग्रिम जमानत याचिका पर रोहिणी अदालत में सुनवाई शुरू हो चुकी है। सुशील कुमार की ओर से कहा गया है कि पुलिस ने दुर्भावना पूर्ण तरीके से केस बनाया। मैं दो बार का ऑलंपियन हूं। राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन अवार्ड, पद्मश्री मिल चुका है।

पुलिस ने तथ्यों को छिपाया
सुशील की ओर से आगे कहा गया कि जबकि सोनू हिस्ट्री सीटर है और उस पर कई केस दर्ज हैं। पुलिस ने इस मामले में कई तथ्यों को छिपाए हैं। पांच मई की रात 1.19 पर छत्रसाल स्टेडियम पर झगड़े की कॉल आई और कहा गया कि वहां दो गोलियां चली, लेकिन पुलिस ने ये नहीं बताया कि फायरिंग किसने की। वाहन से हथियार मिला लेकिन कोई चश्मदीद नहीं मिला।

सुशील की पत्नी के नाम की संपत्ति पर किराए में रह रहा था सागर
कोर्ट में सुशील की ओर से कहा गया है कि अगर गोली हवा में चलाई गई तो ये हत्या का मामला कैसे बना क्योंकि इससे साफ है कि इरादा हत्या का नहीं था। सुशील के वकील सिद्धार्थ लूथरा ने कहा कि कार से जो हथियार बरामद हुए हैं वो सुशील के नहीं हैं। कार से भी उसका कोई लेना देना नहीं है। उनकी पत्नी के नाम की संपत्ति में सागर किराए पर रह रहा था जिसने किराया नहीं दिया था। पुलिस ने ये भी नहीं बताया कि सुशील का पासपोर्ट जब्त कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *