गंगापुत्र स्वामी सानंद जी की चतुर्थ पुण्यतिथि पर विरासत स्वराज यात्रा 2021-22

अंकित तिवारी, प्रयाग : 11 अक्टूबर 2021 को गंगापुत्र स्वामी सानंद (डॉ. जी.डी. अग्रवाल) जी की चतुर्थ पुण्यतिथि पर विरासत स्वराज यात्रा रमेश शर्मा के नेतृत्व में सरसा नदी क्षेत्र में गई। सबसे पहले प्रातः तरूण आश्रम के सानंद वन में सर्वधर्म प्रार्थना सभा की और स्वामी सानंद जी के जीवन पर सभी कार्यकर्ताओं के अनुभव सुने।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रमेश शर्मा मौजूद थे। रमेश शर्मा ने स्वामी सानंद जी के वैज्ञानिक स्वरूप को सामाजिक और आध्यात्मिक स्वरूप में विवेचना की। जलपुरुष राजेन्द्र सिंह ने कहा कि स्वामी जी का इतने जल्दी चले जाने का बहुत दुख है। स्वामी सानंद जी सरल, सहजता, सादगी से जीने वाले वैज्ञानिक व संत थे, जो सभी का भला चाहते थे। युवा पीढ़ी को स्वामी जी के विचारों से प्ररेणा लेना चाहिए। इसके बाद तरूण आश्रम के वरिष्ठ कार्यकर्ता सुरेश रैकवार, गोपाल सिंह, छोटलाल मीना जी ने सानंद जी के साथ के अनुभव बताये। इस सभा में तरूण भारत संघ के कार्यकर्ता रामेन्द्र सिंह, राहुल सिसोदिया, भरत कुमार, पारस प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।

इसके उपरांत यात्रा रमेश शर्मा जी के नेतृत्व में किशोरी, गोपालपुरा, क्यारा के विद्यालयों में गई और वहाँ के लोगों के साथ बातचीत की। रमेश शर्मा ने कहा कि, इस 21वीं शताब्दी में विरासत पर लालची विकास का संकट है। यह लालची विकास हमारे ज्ञान का, हमारी परम्पराओं, सामाजिक समझ का विस्थापन कर रहा है और समाज में बिगाड़ करके प्रकृति में विनाश की तरफ लेकर जा रहा है। यहाँ अभी आज आधुनिकता की अंधी दौड़ से बच्चे बचे हुए है। यहाँ क्यारा के स्कूल में मुझे बहुत अच्छा लगा, कि यहाँ के स्कूल में छात्रों की अपेक्षा छात्रायें बड़ी संख्या में मौजूद थी। यह गांव महिला सशक्तिकरण की तरफ बढ़ रहा है।

इसके बाद यात्रा गोपालपुरा गाँव में पहुँची। यात्रा की जानकरी बताते समय यहाँ के लोगों ने ग्राम स्वराज, गाँव सुरक्षा, ग्राम स्वाबलंबी की चर्चा की और कहा कि, ऐसी यात्राओं की इस देश में बहुत आवश्यकता है। आज यात्रा तरुण भारत संघ भीकमपुरा में रूकेगी। तीसरा दल चमन सिंह और रनवीर सिंह के नेतृत्व में धौलपुर के नहरपुरा, थाने का पुरा गाँवों में पहुँची और लागों से संवाद किया। चौथा दल संजय तुला, पांचवा दल जयेश जोशी, छठवां दल संजय सिह, सातवां दल मुकेश पंडित, आठवां दल विक्रम यादव नेपाल आदि के नेतृत्व में देशभर में चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *