उत्तर दिनाजपुर: विकलांग की बेहतर जिंदगी के लिए तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष ने दिलाया टोटो

उत्तर दिनाजपुर। इस्लामपुर तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष जाकिर हुसैन ने एक विकलांग युवक की मदद कर अपनी इंसानियत का परिचय दिया। उन्होंने अपने वादे को पूरा करते हुए उसे एक नया टोटो प्रदान किया। विकलांग युवक का नाम नजीर आलम (34) है। उसका घर चोपड़ा प्रखंड के सोनापुर ग्राम पंचायत के गोबारी धर्मगाच क्षेत्र में है। वह जन्म से ही चलने फिरने में लाचार दिव्यांग है। घर में वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बहुत ही गरीब जीवन व्यतीत करता था। खुदगर्ज युवक खुद ही कमाई कर परिवार को इज्जत की जिंदगी देना चाहता था।

इसके लिए युवक मुख्यमंत्री से मिलने और कुछ मदद मिलने की उम्मीद में 21 जुलाई को धर्मतला के लिए निकला था। लेकिन विडंबना यह रही कि वह मुख्यमंत्री से नहीं मिल पाने के कारण निराश होकर घर लौट गया। कई जगह चक्कर लगाने के बाद भी उसे कोई मदद नहीं मिली लेकिन बीते गुरुवार को इस्लामपुर बस टर्मिनस में नजीर आलम ने कार में तृणमूल का झंडा लगाकर इस्लामपुर प्रखंड अध्यक्ष जाकिर हुसैन को जाते देखा। युवक ने तुरंत तृणमूल नेता की कार को रोका और उनसे मदद की गुहार लगायी।

तब प्रखंड अध्यक्ष ने उनसे पूछा कि आप क्या काम कर सकते हैं। उसने जवाब दिया कि वह टोटो चला सकता है। फिर उन्होंने युवक को टोटो दिलाने का वादा किया। इसके अनुसार तृणमूल नेता ने रविवार को विकलांग युवक को नया टोटो दिलाया। उपहार पाकर युवक अपने आंसू नहीं रोक सका। इतना ही नहीं उनके टोटो में पहले यात्री के रूप में इस्लामपुर के प्रखंड अध्यक्ष जाकिर हुसैन बैठे।

उन्होंने टोटो यात्रा करने का किराया भी दिया। नजीर आलम ने कहा कि वह कई जगहों से नाउम्मीद लौटा लेकिन तृणमूल कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष से नया टोटो उपहार पाकर वह काफी खुश हुआ व बेहद भाबुक हो गया। उधर, प्रखंड अध्यक्ष जाकिर हुसैन ने कहा कि काम करने में उनकी रुचि को देखते हुए उन्होंने यह तोहफा दिया। उन्हें देखकर कई और लोग काम करने के इच्छुक होंगे। यह युवक दूसरों के लिए प्रेरणा बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *