पुलिस और गुंडों के बगैर नहीं चलेगी तृणमूल, 200 सीटें भी नहीं जीत सकेंगे : दिलीप घोष

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने अभिषेक बनर्जी की उस टिप्पणी पर कटाक्ष किया है जिसमें उन्होंने बंगाल में 240 से अधिक विधानसभा सीटें 2026 में जीतने का दावा किया है। सोमवार को दिलीप घोष ने न्यू टाउन में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि तृणमूल कांग्रेस दरअसल गुंडे मवालयों, भ्रष्टाचारियों और स्वार्थ से जुड़े लोगों की पार्टी  है। बिना गुंडे और पुलिस के तृणमूल चल ही नहीं सकती। सांसद देव के भाई से आवास योजना के नाम पर कट मनी ली गई। तृणमूल के विधायक अब्दुल करीम अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं क्योंकि पार्टी का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।

उत्तर बंगाल में तृणमूल का कोई अस्तित्व नहीं है। अभिषेक बनर्जी इस बात को भलीभांति जानते हैं इसलिए बड़ी-बड़ी बातें करके मन को सुकून दे रहे हैं। घोष ने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले 2024 का लोकसभा चुनाव है। इसी में वह (तृणमूल) सीटें जीतकर दिखा दें। इसके पहले उन्होंने एक दर्जन से अधिक सीटें गंवाई थी और इस बार अगर उतनी ही सीट गवा देंगे तो उनकी पार्टी रहेगी या नहीं इस पर भी संशय है। घोष ने कहा कि ममता बनर्जी ने कभी भी आम लोगों के लिए लड़ाई नहीं लड़ी।

ममता के भरोसे जिन लोगों ने उनका साथ दिया वे सारे पुराने नेता आज मायूस हैं। यहां केवल भ्रष्टाचार को प्रश्रय दिया जा रहा है। अभिषेक की मौजूदगी में लोग खुलेआम एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं। उन्हीं की पार्टी के नेता उनसे नहीं संभलते और दूसरों को धमकी दे रहे हैं। अभिषेक बनर्जी ने कहा है कि वह एक लाख लोगों को लेकर दिल्ली जाएंगे और बंगाल के हक का पैसा केंद्र से छीन कर लाएंगे। इसके जवाब में दिलीप कहा कि उनके पीछे चार लोग नहीं चलेंगे, एक लाख लोग तो बहुत बड़ी बात हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *