दो नाबालिग बच्चों समेत गृहणी की पिटाई कर घर से निकाला, आरोपी पति फरार

मालदा। नशे में धुत पति के साथ ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से गृहिणी व उसके दो नाबालिग बच्चे घायल हो गए। पति समेत ससुराल वालों पर पत्नी और दो बच्चों को पीट पीटकर घर से निकालने का आरोप लगाया। घायल गृहिणी और उसके दो नाबालिग बच्चों को इलाज के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह सनसनीखेज घटना मंगलवार की रात इंग्लिशबाजार थाने के बागबाड़ी इलाके में हुई। पीड़ित गृहिणी के परिजनों की लिखित शिकायत के बाद हमलावर ससुराल वाले फरार हैं।

पुलिस व स्थानीय सूत्रों के अनुसार पीड़ित गृहिणी का नाम मिनती घोष (30) है। आरोपित पति कृष्णा पेशे से मजदूर है। आरोप है कि पति ने पिछले 8 महीने से परिवार का खर्च नहीं दिया। आरोप है कि मंगलवार की रात पति से पैसे मांगने पर पति, सास लक्ष्मी घोष और ननद सनेका घोष के साथ मिलकर उसकी जमकर पीटाई की।उसे लहूलुहान हालत में उसके बेटे और बेटी के साथ घर से निकाल दिया गया। इंग्लिशबाजार पुलिस ने बताया कि शिकायत के मद्देनजर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते गृहिणी ने लगाई फांसी

उत्तर दिनाजपुर। पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते एक गृहिणी द्वारा अपने पिता के घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर थाने के कालानागिन बाजार से सटे इलाके में बुधवार सुबह हुई। मृतक गृहिणी का नाम सुनीति सील उम्र लगभग (25) है। मृतक गृहिणी के पति का नाम गौतम सरकार है। गृहिणी का ससुराल गोलपोखर थाने के नंदझर इलाके में है। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच पिछले चार साल से मनमुटाव चल रहा है। इससे पहले भी सालिसि सभा के माध्यम से समझौता किया जाता था। कुछ समय पहले पति-पत्नी के बीच मनमुटाव के चलते गृहिणी अपने पिता के घर चली गई।

परिजनों ने आज सुबह काफी देर तक आवाज लगाई लेकिन दरवाजा बंद था व अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। बाद में जब दरवाजा तोड़ा गया तो परिजनों ने उसे फंदे पर लटका पाया। घटना की खबर लगते ही इलाके के लोगों का वहां जुटना शुरू हो गया। परिजनों ने बताया कि गृहिणी के पिता के घर के लोग उसके ससुराल के लोगों के खिलाफ इस्लामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराएंगे। सूचना मिलने पर इस्लामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए इस्लामपुर पुलिस मॉर्ग भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *