शुभेंदु के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने की अटकलें हुई तेज

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने की अटकलें तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार दिसंबर महीने के आखिर तक इसकी घोषणा कर दी जाएगी। सूत्रों के अनुसार अगर शुभेंदु अधिकारी को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया जाता है तो उन्हें विपक्ष के नेता के पद से इस्तीफा देना होगा। शुभेंदु के स्थान पर विपक्ष के नेता बनने के दौड़ में मनोज टिग्गा का नाम सबसे आगे है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष पद से हटने के बाद सुकांत मजूमदार को राष्ट्रीय सचिव या संसदीय दल के किसी पद पर नियुक्त किया जा सकता है।

रविवार को जब संवाददाताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सांसद दिलीप घोष से इस संदर्भ में प्रश्न किया तो उन्होंने कहा कि शुभेंदु अधिकारी यदि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनते हैं तो हम उनका स्वागत करेंगे। पार्टी जिसे भी हमारा नेता चुनेगी, हम उस निर्णय का पालन करेंगे। निश्चित रूप से जिसे भी यह पद मिलेगा उसे सही कारणों से केंद्रीय नेतृत्व द्वारा चुना जाएगा।

भाजपा के एक सूत्र ने दावा किया कि राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने शुभेंदु अधिकारी को प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने को लेकर पार्टी के हर स्तर पर चर्चा की है। अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात करने के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *