फिर बंगाल आ रहे हैं संघ प्रमुख मोहन भागवत

कोलकाता: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत एक बार फिर बंगाल दौरे पर आ रहे हैं। अक्टूबर महीने के पहले हफ्ते में उनका दौरा होना है। संघ के वरिष्ठ सूत्रों ने हिन्दुस्थान समाचार को इस बारे में जानकारी दी है। केशव भवन स्थित बंगाल में संघ मुख्यालय के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि तीन अक्टूबर को मोहन भागवत कोलकाता में होंगे। वह दोपहर तक केशव भवन में पहुंच जाएंगे जहां उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। मशहूर पत्रिका स्वस्तिका के 75 वर्ष पूर्ति कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह आ रहे हैं।

बेलूर मठ में इसका कार्यक्रम आयोजित किया गया है जहां शाम 5:30 बजे से 7:30 बजे तक कार्यक्रम होगा। उसी में भागवत का संबोधन होना है। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। मठ में मोहन भागवत के स्वागत की तैयारियां जोरों पर है। यहां सुरक्षा की भी चाक-चौबंद बंद व्यवस्था की जा रही है। राज्य सरकार से भी भागवत के दौरे की डिटेल शेयर की गई है ताकि लोकल पुलिस मूवमेंट सुनिश्चित किया जा सके।

सूत्रों ने बताया है कि कार्यक्रम से पहले केशव भवन में वह संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी के साथ बैठक कर सकते हैं। भाजपा के पदाधिकारियों के साथ बैठक की उनकी कोई योजना नहीं है। बहरहाल सूत्रों ने बताया है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष उनसे मुलाकात कर सकते हैं।

वैसे तो संघ प्रमुख का राजनीतिक मामलों में सीधा कोई संबंध नहीं रहता लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले उनका बंगाल दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।उल्लेखनीय हैं कि हाल के दौर में पश्चिम बंगाल में संघ की शाखा की संख्या बड़े पैमाने पर बढ़ी हैं। इसके अलावा स्वयंसेवकों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *