रेड रोड दुर्घटना : फरार बस चालक हुआ गिरफ्तार

कोलकाता : हाल ही में रेड रोड में हुई मिनी बस दुर्घटना के बाद फरार बस चालक को अंततः गिरफ्तार कर लिया गया है। उक्त बस चालक का नाम सैयद इबरार हुसैन बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात 11:00 बजे उत्तर 24 परगना जिले के कमरहट्टी इलाके से उसे गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त बस चालक को आज यानी कि रविवार को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया जाएगा। उस दिन दुर्घटना कैसे हुई अभियुक्त बस चालक ने पूछताछ में पुलिस को बताया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक बस चालक ने बताया है कि उस दिन बस में ब्रेक की समस्या थी। उसने बताया कि बस का ब्रेक नहीं लगा था। ऐसे में उस दिन बस के सामने आए एक बाइक सवार को बचाने में यह दुर्घटना हुई। शनिवार रात अभियुक्त के खिलाफ कोलकाता पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। रात ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आज कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस अभियुक्त को अपनी हिरासत में ले सकती है।

गौरतलब हो कि कोरोनावायरस के चलते पिछले लंबे वक्त से राज्य में बस सेवा बंद थी। 1 जुलाई से फिर से बस सेवा बहाल की गई। हालांकि इस दौरान बस में केवल 50 फ़ीसदी यात्रियों के चढ़ने की अनुमति है। उसी दिन रेड रोड में उक्त मिनी बस ने एक पुलिसकर्मी को कुचल दिया।

इस घटना के बाद बस का चालक फरार हो गया था। जिसके बाद से पुलिस को उसकी तलाश थी। अंततः शनिवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रैफिक विभाग की जांच में पता चला है कि बस की गति अतिरिक्त थी। हालांकि गति कितनी थी यह जानने के लिए फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार पुलिस अधिकारियों को है।

पुलिस कर्मचारी के शव का पोस्टमार्टम कर चिकित्सकों ने प्राथमिक रूप से पुलिस को बताया कि उसका दाहिना पैर कुचल गया था। शरीर के अन्य अंगों में भी गहरी चोट पहुंची थी। दुर्घटना के बाद बस के चालक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था लेकिन वह वहां से फरार हो गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार बस चालक मटियाब्रूज इलाके का रहने वाला है। हालांकि वह कमरहट्टी क्या करने गया था यह अभी तक स्पष्ट नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *