Rahul Mamata

राहुल गांधी ने किया ममता को फोन, गठबंधन की बैठक में आने के लिए मनाया

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आईएनडीआई गठबंधन की अगली बैठक में शामिल होने के लिए हामी भर दी है। इसके पहले बैठक में शामिल होने से उन्होंने इनकार कर दिया था। ममता ने आरोप लगाया था कि समय पर उन्हें सूचना नहीं दी गई। इसके बाद नीतीश कुमार और अखिलेश यादव के भी बैठक से किनारा करने के बाद गत दिसंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिल्ली स्थित आवास पर होने वाली बैठक को टाल दिया गया था।

अब सूचना है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को फोन कर अगली बैठक में शामिल होने के लिए मनाया है। आज शुक्रवार को उत्तर बंगाल के कर्सियांग में ममता के भतीजे आवेश की शादी होनी है। इसके लिए पूरा बनर्जी परिवार उत्तर बंगाल की पहाड़ियों पर पहुंचा हुआ है। इस बीच राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को फोन किया है।

सीएम के करीब से सूत्रों ने बताया है कि राहुल गांधी ने उन्हें फोन कर भतीजे की शादी की शुभकामनाएं दी और उसके बाद गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए अनुरोध किया। ममता ने उन्हें बताया कि बैठक की तारीख तय करने से पहले सभी विपक्षी दलों के संबंधित नेताओं से बात की जानी चाहिए। ममता ने कहा है कि अगली बैठक जब भी होगी, वह जरूर आएंगी।

सूत्रों ने बताया है कि दिसंबर महीने के आखिरी में विपक्ष की बैठक होनी है। उसके लिए ममता बनर्जी तैयार हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि छह दिसंबर की बैठक को लेकर सूचना नहीं देने का आरोप ममता ने लगाया था। उनके भतीजे की शादी प्रस्तावित होने की वजह से वह बैठक में नहीं जाएंगी ,इसकी जानकारी भी सीएम ने पहले ही दे दी थी।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *