गंगासागर जा रहे राजस्थान के पुण्यार्थी की रास्ते में मौत

Kolkata Hindi News, कोलकाता। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना स्थित मशहूर तीर्थ स्थल गंगासागर जा रहे राजस्थान के एक पुण्यार्थी की रास्ते में मौत हो गई है। मृतक की पहचान 55 साल के गुमान सिंह के तौर पर हुई है।बुधवार को जिला पुलिस सूत्रों ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार देर शाम 7:00 बजे के करीब काकद्वीप के लॉट नंबर आठ के पास यह घटना हुई है।

आगामी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के मौके पर पुण्य स्नान के लिए देश दुनिया के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग गंगासागर पहुंचने लगे हैं। स्थानीय प्रशासन सूत्रों ने बताया है कि मंगलवार शाम 7:00 बजे के करीब गुमान सिंह गंगासागर जाने के लिए काकाद्वीप के लॉट नंबर आठ पहुंचे थे। वेसेल पर चढ़ते समय अचानक उनकी सेहत बिगड़ गई और वह घाट पर ही गिर पड़े।

मौके पर मौजूद पुलिस और सिविल डिफेंस के कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत उठाकर काकद्वीप अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से संपर्क करने की कोशिश हो रही है। उल्लेखनीय है कि हर साल गंगासागर में देश भर से आने वाले लाखों पुण्यार्थी मकर संक्रांति के मौके पर पुण्य स्नान करते हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *