बेहद खास रहा पीएम मोदी की “मन की बात” कार्यक्रम, बंगाल में सुनने के लिए दर्जनों आयोजन

कोलकाता। तकनीक का हाथ पकड़कर तेजी से विकसित होती डिजिटल दुनिया के साथ रेडियो का अस्तित्व और महत्व बचाए रखने के लिए पीएम मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम का 100 वा एपिसोड बेहद खास रहा है। रविवार को इस कार्यक्रम को सुनने के लिए देशभर में भव्य आयोजन किए गए। खासतौर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रत्येक राज्य में प्रदेश मुख्यालयों के साथ ही जिला मुख्यालयों में भी इसके सुनने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। पश्चिम बंगाल भी इसमें अग्रणी रहा है।

कोलकाता के राजभवन में तो प्रसार भारती की ओर से मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण और सुनने की विशेष व्यवस्था की गई थी। इसमें राज्यपाल डॉक्टर सी वी आनंद बोस, उनकी पत्नी सहित राजभवन के सभी स्टाफ ने बैठकर पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना है। सुबह 11:00 बजे से ही कार्यक्रम का प्रसारण शुरू हो गया था। जितनी देर चला लोगों ने तन्मयता से पीएम मोदी की बातों को सुना है।

प्रदेश भाजपा की ओर से भी एक दर्जन से अधिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। छह नंबर मुरलीधर सेन लेन स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में इसके प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार अपने संसदीय क्षेत्र बालूरघाट के तपन विधानसभा इलाके में ठाकुर पुरा इलाके में मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण को सुनने के लिए उपस्थित हुए।

उनके साथ पार्टी के सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता शामिल थे। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने अपने विधानसभा क्षेत्र नंदीग्राम में गोकुल नगर हाई स्कूल मैदान में आयोजित हुए कार्यक्रम के प्रसारण में हिस्सा लिया। यहां भी पार्टी कार्यकर्ता और नेता उपस्थित थे। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष गौरव नगर में प्राइमरी स्कूल ग्राउंड में मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण में शामिल हुए।

इसी तरह से पार्टी के प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य बांसद्रोनी में, सांसद लॉकेट चटर्जी हुगली के बालागढ़ में, महिला मोर्चा की अध्यक्ष तनुजा चक्रवर्ती नदिया जिले के कल्याणी आईटीआई मोड़ पर और विधायक तथा पार्टी के सचिव डॉ शंकर घोष सिलीगुड़ी में चार नंबर वार्ड के एक क्लब मैदान में आयोजित हुए मन की बाद प्रसारण कार्यक्रम में शिरकत की।

करनदिघी में पूर्व मंत्री और सांसद देवश्री चौधरी ने मन की बात कार्यक्रम को सुना जबकि पार्टी की महासचिव अग्निमित्र पॉल आसनसोल में, मंत्री सुभाष सरकार बांकुड़ा के रानीबांध में, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष डॉ इंद्रनील खान कृष्णानगर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में जबकि पूर्व आईपीएस और पार्टी की प्रवक्ता भारती घोष त्रिवेणी में मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण में शामिल हुए। सांसद राजू बिस्ट दार्जिलिंग के क्लब ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मन की बात का प्रसारण सैकड़ों लोगों के साथ बैठकर सुने हैं।

इसके अलावा प्रदेश भाजपा ने हरेक जिले के पार्टी मुख्यालयों में मन की बात कार्यक्रम के प्रसारण और सुनने की व्यवस्था की थी जिसमें सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और नेता उपस्थित हुए। हर जगह मन की बात कार्यक्रम को सुनने के बाद पार्टी के शीर्ष नेताओं से कार्यकर्ताओं ने स्थानीय समस्याओं का जिक्र किया और कई लोगों की जरूरतों के बारे में भी बात की। उल्लेखनीय है कि 100वें मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा है कि यह कार्यक्रम जन आंदोलन की तरह लोगों की आवाज उठाने का जरिया बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *