गीता पाठ

बंगाल में एक लाख लोग करेंगे गीता पाठ, प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रण

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में गीता जयंती पर एक लाख लोग गीता पाठ करने वाले हैं। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी को प्रधान अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया जा रहा है। इसके लिए शुक्रवार सुबह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार बंगाल के कई मठों और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों को लेकर दिल्ली रवाना हुए हैं। आज ही पीएम आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी मुलाकात की संभावना है। यह जानकारी खुद मजूमदार ने दमदम हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में दी।

दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि आगामी 24 दिसंबर को गीता जयंती के मौके पर राजधानी कोलकाता में भव्य गीता पाठ का आयोजन किया गया है। इसमें कम से कम एक लाख लोग गीता पाठ करेंगे। इसके लिए बंगाल के कई प्रसिद्ध मठों और मंदिरों को मिलाकर एक संस्था का गठन किया गया है। इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया जाएगा। उन्हीं मठों के प्रतिनिधियों को लेकर मैं दिल्ली जा रहा हूं।

उल्लेखनीय है कि 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस पहले से ही मैदान में उतर चुकी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विपक्षी आईएनडीआई गठबंधन में मुख्य सूत्रधार की भूमिका निभाई है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने कांग्रेस तथा वाम दलों से सीटों के बंटवारे को लेकर लगातार पहल की है।

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने बंगाल में 42 में से 18 सीटों पर जीत दर्ज की थी जिस प्रदर्शन को बरकरार रखना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती है। ऐसे में लोकसभा चुनाव से पहले इतने बड़े पैमाने पर गीता पाठ और उसमें अगर पीएम नरेंद्र मोदी शामिल होते हैं, तो यह बंगाल के लोगों के लिए बड़ा संदेश होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *