गैर भाजपा शासित राज्यों में राज्यपाल के खिलाफ लामबंदी, ममता ने किया स्टालिन को फोन

कोलकाता। गैर भाजपा शासित राज्य में राज्यपाल के कथित असंवैधानिक गतिविधियों के खिलाफ एकजुटता का आह्वान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया है। यह दावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने गुरुवार को किया है। उन्होंने ट्वीट कर बताया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें फोन किया था। इस बात पर चिंता जाहिर करते हुए कहा था कि सभी गैर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को एकजुट होकर राज्यपालों के उन गतिविधियों के खिलाफ काम करने की जरूरत है जो संविधान के विरुद्ध हैं।

एमके स्टालिन ने यह भी दावा किया है कि उनकी सरकार ने राज्य में राज्यपाल के खिलाफ जो कदम उठाया है, ममता ने उसकी सराहना और समर्थन किया है। दोनों ने बातचीत के दौरान इसे लेकर गंभीर चर्चा भी की है। स्टालिन ने ट्विटर पर लिखा है पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुझे फोन किया था। गैर भाजपा शासित राज्यों के राज्यपालों के अलोकतांत्रिक गतिविधियों के खिलाफ हम लोगों ने जो कदम उठाया है उसकी सराहना की है और सभी गैर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को एकजुट होकर ऐसे ही कदम उठाने का परामर्श दिया है।

उल्लेखनीय है कि लंबे समय से तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रॉबी पर स्टालिन के सरकारी कार्य में बाधा देने का आरोप लगा रहे थे। इसके बाद हाल ही में स्टालिन की सरकार ने विधानसभा में एक बिल पारित किया है जिसमें सरकारी फाइलों के हस्ताक्षर के लिए एक समय सीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी गैर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर ऐसा ही फैसला करने को कहा था जिस पर ममता ने उन्हें फोन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *