ममता ने बंगाल में दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों का शुक्रिया अदा किया

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में दुर्गा पूजा के सफल आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों और लोगों का सोमवार को शुक्रिया अदा किया। उन्होंने राज्य में विशाल उत्सव के आयोजन में ”अथक प्रयासों” के लिए सभी पुलिसकर्मियों और आपदा प्रबंधन कर्मियों को सलाम किया।

बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के अपने हैंडल पर पोस्ट किया, ”दुर्गा पूजा उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से मूर्ति विसर्जन के साथ संपन्न हो गया। मैं पूजा के दौरान नागरिकों एवं पूजा आयोजकों की सेवा के लिए दिन रात अथक प्रयास करने वाले कोलकाता पुलिस एवं पश्चिम बंगाल पुलिस के उन सभी अधिकारियों एवं सदस्यों का शुक्रिया अदा करती हूं। उनकी सतर्कता के कारण हमारा उत्सव घटना मुक्त रहा और लोगों का उत्साह बना रहा।”

उन्होंने कहा, ”मैं क्षेत्र में मौजूद दमकल सेवा अधिकारियों और कर्मियों एवं अन्य नागरिक / आपदा प्रबंधन सहकर्मियों के समर्पण एवं उनकी अथक सेवा के लिए उनका धन्यवाद करती हूं। ‘दुआरे (द्वार) सेवा’ की इस भावना की प्रशंसा करती हूं।” दुर्गा पूजा के विशाल उत्सव का आयोजन इस साल 20 से 24 अक्टूबर तक हुआ। संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक तथा सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) ने इसे मानवता की सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *