अभिषेक बनर्जी की जनसंपर्क यात्रा में शामिल होने 3 मई को मालदा जाएंगी ममता बनर्जी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में आसन्न पंचायत चुनाव से पहले जहां तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पार्टी की साफ-सुथरी छवि बनाने के लिए जनसंपर्क यात्रा कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी उनका साथ देने के लिए मालदा जाने वाली हैं। आज रविवार को अभिषेक बनर्जी का उत्तर दिनाजपुर में कार्यक्रम है। उसके बाद तीन मई को वह मालदा में होंगे और उसी दिन ममता बनर्जी भी मालदा पहुंचेंगी। वह अभिषेक से मिलकर उन्हें बधाई देंगी।

इसके अलावा वहां प्रशासनिक बैठक के साथ ही उनके कई अति व्यस्त कार्यक्रम रहने वाले हैं। राज्य सचिवालय सूत्रों ने सोमवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि मुख्यमंत्री तीन मई को मालदा पहुंचेंगी। चार मई को उनकी मालदह जिले की प्रशासनिक बैठक है। खबर है कि सफर के पहले दिन ही मुख्यमंत्री अभिषेक से मिलकर उन्हें बधाई देंगी और जनसंपर्क के लिए लोगों को भी बेहद खास संदेश दे सकती हैं। उसके बाद दूसरे दिन उनकी प्रशासनिक बैठक होनी है जिसके बाद ममता के कोलकाता लौटने का कार्यक्रम है।

उल्लेखनीय है कि अभिषेक के जनसंपर्क सफर के बीच ही ममता का मामला सफर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि 60 दिनों तक चलने वाली जनसंपर्क यात्रा के तहत अभिषेक राज्य के प्रत्येक जिले में घूम घूम कर सुरक्षा घेरा तोड़कर आम लोगों से मिल रहे हैं। लोकसभा चुनाव से पहले अभिषेक बनर्जी की यह यात्रा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि तृणमूल कांग्रेस में ममता बनर्जी के उत्तराधिकारी के तौर पर अभिषेक बनर्जी की स्वीकार्यता पहले ही पार्टी के अंदर हो गई है।

उसके बाद 30 साल पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसी तरह से जनसंपर्क यात्रा कर राज्य के लोगों के बीच अपनी साफ-सुथरी छवि स्थापित की थी जो राज्य में वाममोर्चा के शासन को उखाड़ फेंकने में मददगार साबित हुआ। अब जबकि भारतीय जनता पार्टी तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाने के लिए जी तोड़ कोशिश कर रही है तब अभिषेक बनर्जी की यह जनसंपर्क यात्रा तृणमूल कांग्रेस की नई पीढ़ी की पांव जमाने की कोशिश का हिस्सा माना जा रहा है। ममता भी अभिषेक की यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित रही हैं और गाहे-बगाहे दिशानिर्देश भी देती रही हैं। अब मालदा में दोनों की मुलाकात पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *