बंगाल में तुष्टिकरण की राजनीति कर रही ममता : लॉकेट

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद लॉकेट चटर्जी ने रामनवमी पर हिंसा के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि वह राज्य में तुष्टिकरण की राजनीति कर रही हैं। चटर्जी ने कहा, “पश्चिम बंगाल में हाल की घटनाएं और ममता द्वारा धरना प्रदर्शन राज्य में की जा रही तुष्टिकरण की राजनीति का स्पष्ट प्रदर्शन है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। पश्चिम बंगाल में जो हो रहा है वह शर्मनाक है।” भाजपा सांसद ने राज्य में रामनवमी के जुलूस के दौरान हुई हिंसा की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) जांच की भी मांग की।

उन्होंने कहा, “हम मामले की एनआईए जांच कराने की मांग करते हैं क्योंकि पुलिस केवल हिंदुओं को गिरफ्तार कर रही है, मुसलमानों को नहीं। कुछ दिन पहले राज्य की सागरदिघी सीट पर उपचुनाव हुए थे, जिसमें तृणमूल कांग्रेस की हार हुई थी। मुस्लिम वोट बंट गए, जिसके बाद मुस्लिम वोटरों को खुश करने के लिए इस पूर्व नियोजित साजिश को अंजाम दिया गया। ममता बनर्जी नीत सरकार पर एक खास समुदाय को प्राथमिकता देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में तुष्टिकरण की राजनीति चल रही है।

हालांकि इस विधानसभा चुनाव में बंगाल के हिंदुओं ने मुस्लिमों के साथ मतदान किया, लेकिन उन्हें (ममता बनर्जी) केवल मुसलमानों को देखना है। इस मौके पर सांसद देवाश्री चौधरी ने कहा “ ममता सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। हाल के हमलों और उथल-पुथल की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। ममता पश्चिम बंगाल में खतरनाक तरीके से खेल रही हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार से ध्यान हटाने के लिए ममता जानबूझकर ऐसा कर रही हैं। उन्होंने कहा “ ममता सरकार ने शर्मनाक तरीके से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश शुरू कर दी है। पश्चिम बंगाल में मौजूदा स्थिति में चल रही स्थिति और हाल के हमले बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। यह वास्तव में ममता का खतरनाक खेल है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *