dmk-protest

वाम मोर्चा, द्रमुक केन्द्र सरकार के खिलाफ आज दिल्ली में करेंगे प्रदर्शन

तिरुवनंतपुरम/ चेन्नई : केरल का वाम मोर्चा और तमिलनाडु का द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रविड़) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केन्द्र सरकार के खिलाफ बृहस्पतिवार को विरोध प्रदर्शन करेंगे। इन दलों ने केन्द्र पर अनदेखी करने और उनके राज्यों में कोष आवंटन में भेदभाव करने का आरोप लगाया है।

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पूर्वाह्न में होने वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। प्रदर्शन में वाम मोर्चे के मंत्री, विधायक और सांसद शामिल होंगे।

विजयन ने बुधवार को कहा कि केरल के प्रति केन्द्र के भेदभाव से राज्य में आर्थिक तंगी है और इसी कारण वे प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार की कार्यप्रणाली ने सहकारी संघवाद को कमजोर किया है।

द्रमुक के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के वरिष्ठ नेता टी आर बालू करेंगे।

अंतरिम बजट 2024-25 में तमिलनाडु को अपेक्षित धन का आवंटन न करने पर केंद्र के विरोध में पार्टी के सदस्य संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के पास विरोध प्रदर्शन करेंगे।

द्रमुक का आरोप है कि तमिलनाडु को चक्रवात, बारिश और बाढ़ से हुए नुकसान से निपटने के लिए उचित धनराशि नहीं दी गई और केंद्र सरकार ने राज्य के साथ भेदभाव किया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *