कोलकाता : आज अस्पताल से घर लौटेंगे पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य आज यानी बुधवार को अस्पताल से घर लौट आएंगे। दोपहर बाद उन्हें अलीपुर के वुडलैंड अस्पताल से छुट्टी मिलेगी। उनकी चिकित्सा में शामिल आठ चिकित्सकों के बोर्ड ने बैठक कर यह निर्णय लिया है कि उन्हें दोपहर बाद घर भेजा जाएगा। खास बात यह है कि घर में जहां वह रहेंगे उसे पूरी तरह से सेनिटाइज किया गया है। वहां परिवार के दूसरे सदस्यों के अलावा किसी भी अन्य व्यक्ति के जाने की मनाही होगी।

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि फिलहाल उनके श्वसन नली में संक्रमण कम हो गया है और सामान्य तरीके से तरल तथा और अर्ध तरल भोजन भी खा पा रहे हैं। लेकिन फिलहाल उन्हें पाइप (राइल्स ट्यूब) के जरिए ही भोजन दिया जाएगा। वह कम से कम 10 दिनों तक चिकित्सकों की निगरानी में रहेंगे। आज दोपहर बाद अस्पताल से उन्हें बालीगंज के पॉम एवेंयू स्थित उनके घर पहुंचाया जाएगा।

उल्लेखनीय है 29 जुलाई को सांस लेने में तकलीफ के बाद ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें अस्पताल में लाकर भर्ती किया गया था। उनके श्वसन नली में संक्रमण और निमोनिया की पुष्टि हुई थी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्यपाल डॉक्टर सी वी आनंद बोस ने भी मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया था और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *