बढ़ता ही जा रहा बंगाल भाजपा में अंदरुनी कलह

कोलकातापश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की अंदरूनी कलह थम नहीं रही है। दिलीप घोष को हटा कर सुकांत मजूमदार को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का कोई फायदा होता नहीं दिख रहा है। उलटे उसके बाद से विवाद और बढ़ गया है। पार्टी के कई पुराने नेताजो दशकों से भाजपा से जुड़े रहे हैं वे तृणमूल से आकर कमान संभाल रहे सुभेंदु अधिकारी की राजनीति से नाराज हैं। अब पार्टी की सांसद रूपा गांगुली ने भी उसी तरह के आरोप लगाए हैं। पार्टी की राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली ने आरोप लगाया है कि कोलकाता नगर निगम के चुनाव में पार्टी ने टिकट बेची है। उन्होंने कहा है कि उनके पास इसके सबूत हैं।

उन्होंने यह भी कहा है कि वे पार्टी की पदाधिकारी नहीं हैं इसलिए उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं है। वे राज्यसभा की मनोनीत सदस्य हैं और उनका कार्यकाल अगले साल अक्टूबर में खत्म होना है। उनको अंदाजा है कि पार्टी फिर से उनको राज्यसभा में नहीं भेजेगी इसलिए भी वे अपने को अलग कर रही हैं।

उनके अलावा कई और नेताओं ने विधानसभा चुनाव में भी टिकट बेचे जाने के आरोप लगाए थे और निगम चुनाव में भी इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। पार्टी के बड़े नेता रहे पूर्व राज्यपाल तथागत रॉय ने राज्य के प्रभारी और प्रदेश नेतृत्व को लेकर कई बार निशाना साधा। उन्होंने पार्टी की नीतियों और उम्मीदवारों के चयन को लेकर कोई गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *