भारत ने सिंगापुर को रौंदकर शुरू किया एशियाई कप क्वालीफायर अभियान

वियत ट्राई सिटी। भारतीय अंडर-20 महिला टीम ने एएफसी अंडर-20 एशियाई कप क्वालीफायर के पहले चरण में मंगलवार को सिंगापुर को 7-0 से रौंदकर अपने अभियान की शुरुआत की। वियत ट्राई स्टेडियम पर खेले गये ग्रुप-एफ मुकाबले में भारतीय लड़कियों ने आधे घंटे में ही 6-0 की बढ़त ले ली। अपुर्णा नरज़री और अनीता कुमारी ने दो-दो गोल किये, जबकि सुमति कुमारी और अष्टम उरांव ने एक-एक गोल जमाया।

काजोल डिसूज़ा ने निर्धारित समय के आखिरी मिनट में गोल दागकर भारत की सात गोल की जीत सुनिश्चित की। भारत का अगला मुकाबला गुरुवार को इंडोनेशिया से होगा, जिसके बाद भारतीय लड़कियां अपने आखिरी मुकाबले में मेज़बान वियतनाम का सामना करेंगी। ग्रुप में शीर्ष पर रहने वाली टीम क्वालीफायर के दूसरे चरण में कदम रखेगी, जिसका आयोजन जून 2023 में होगा।

पहला अंतर-क्षेत्रीय हॉकी टूर्नामेंट 19 मार्च से : हॉकी इंडिया ने जमीनी स्तर पर खेल को मजबूती प्रदान करने के लिये मंगलवार को सब जूनियर (अंडर-16) और जूनियर (अंडर-19) अंतर-क्षेत्रीय चैंपियनशिप की शुरुआत करने की घोषणा की। हॉकी इंडिया ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इस पहल का उद्देश्य उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम सहित चार क्षेत्रों में प्रतियोगिताओं का आयोजन करके महिला एवं पुरुष प्रतिभाओं को तलाशना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *