गरीबी हटाने, जलवायु परिवर्तन और श्रमिकों से संबंधित मुद्दों के समाधान में अग्रणी भूमिका निभा रहा है भारत : मोदी

नई दिल्ली। मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा 100 करोड़ वैक्सीन डोज़ के बाद आज देश नए उत्साह और नई ऊर्जा से आगे बढ़ रहा है। हमारे वैक्सीन कार्यक्रम की सफलता भारत के सामर्थ्य को दिखाती है, सबके प्रयास के मंत्र की शक्ति को दिखाती है।

हमारे स्वास्थ्यकर्मियों ने अपने अथक परिश्रम और संकल्प से एक नई मिसाल पेश की। उन्होंने इनोवेशन के साथ अपने दृढ़ निश्चय से मानवता की सेवा का एक नया मानदंड स्थापित किया। हम 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते हैं। हम सभी का दायित्व है कि हम एकता का संदेश देने वाली किसी न किसी गतिविधि से जरूर जुड़ें।

प्रधानमंत्री ने कहा अगले महीने 15 नवंबर को हमारे देश के वीर योद्धा भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती है। भगवान बिरसा मुंडा को धरती आबा भी कहा जाता है, इसका अर्थ धरती पिता होता है। भगवान बिरसा मुंडा ने जिस तरह अपनी संस्कृति, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया वो धरती आबा ही कर सकते थे।

भारत ने सदैव विश्व ​शांति के लिए काम किया है। हमें इस बात का गर्व है कि भारत 1950 के दशक से लगातार संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन का हिस्सा रहा है। गरीबी हटाने, जलवायु परिवर्तन और श्रमिकों से संबंधित मुद्दों के समाधान में भी भारत अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

पहले ये धारणा बन गई थी कि सेना और पुलिस जैसी सेवा केवल पुरुषों के लिए ही होती है लेकिन आज ऐसा नहीं है। पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो के आंकड़े बताते हैं कि पिछले कुछ वर्षों में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या दोगुनी हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *