Bhopal love story

आशा विनय सिंह बैस की कलम से : उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश चाय पर चर्चा करते हुए

आशा विनय सिंह बैस, रायबरेली। सन् 1999 की बात है! वायुसेना का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सूरज की पहली पोस्टिंग वायुसेना स्टेशन बीदर हुई थी। वायुसेना में नियुक्ति के समय सूरज बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। प्रशिक्षण के दौरान बीएससी की पढ़ाई जारी रखना संभव नहीं था। अतः उसने अब स्नातक कोर्स में पुनः एडमिशन लेने की सोची। सूरज के कुछ साथी उस्मानिया, इग्नू आदि विश्वविद्यालयों से कला स्नातक की पढ़ाई कर रहे थे। लेकिन सूरज ने कुछ नया करने की ठानी और उसने बीसीए में एडमिशन ले लिया। चूंकि बीदर एक छोटा सा टाउन था और उन दिनों कंप्यूटर एक दुर्लभ वस्तु हुआ करती थी। इसलिए सूरज को स्टडी सेंटर बीदर से लगभग 150 किलोमीटर दूर हैदराबाद में अलॉट किया गया था।

बीएसए की क्लासेस सैटरडे/संडे को होती थी। शुरुआत के दो-तीन महीने सिर्फ थ्योरी क्लासेस थी उसके बाद प्रैक्टिकल शुरू होना था। सूरज किसी तरह छुट्टी लेकर या जुगाड़ करके बीदर से हैदराबाद जाता, क्लास अटेंड करता और वापस आ जाता। यही रूटीन चल रहा था। सूरज के क्लास में एक बिल्कुल शांत स्वभाव की लड़की थी। उसका नाम था सुगंधा- स्वस्थ शरीर, रंग कुछ सांवला, दो बड़ी- बड़ी आंखें, चौड़ा माथा, काले घने और कमर तक लटकते लंबे बाल। मेकअप के नाम पर वह एक फूलों की वेणी बालों में लगाया करती थी।

सुगंधा बहुत कम बोलती थी लेकिन उसकी आंखें बोलती थी। वह तेलुगु भाषी थी। उसे हिंदी उतनी ही आती थी जितनी सूरज को अंग्रेजी। कभी-कभी क्लास में टीचर देर से आते या किसी कारण क्लास जल्दी खत्म हो जाती तो सूरज और सुगंधा आपस मे हेलो-हाय कर लिया करते थे। जैसे-जैसे कोर्स आगे बढ़ता गया सुगंधा और सूरज की बातचीत भी बढ़ने लगी। शुरुआत में बातचीत कोर्स और कंप्यूटर की होती थी। कुछ दिनों बाद बात घर-परिवार की भी होने लगी।

सुगंधा ऐसी लड़की तो बिल्कुल भी नहीं थी जिसे देखते ही कोई उसे दिल दे बैठे। बड़े-बूढ़े कहते हैं कि युवावस्था उम्र का वह दौर होता है, जब व्यक्ति को सब कुछ अच्छा लगता है। उसे दुनिया की कोई बात बुरी नहीं लगती। सूरज शायद उम्र के उसी दौर से गुजर रहा था। इसीलिए आहिस्ता-आहिस्ता सुगंधा, सूरज के मन-मष्तिष्क में व्हिस्की सी असर करने लगी थी।

सूरज वाचाल था और सुगंधा मृदुभाषी। वैज्ञानिक कहते हैं कि अपोजिट सेक्स अट्रैक्ट करता है। लेकिन यहाँ पर तो सूरज को अपोजिट नेचर भी अट्रैक्ट कर रहा था। जब कभी वह उसके पास बैठता तो उसकी बड़ी-बड़ी बोलती आंखों को देखता रहता। सुगंधा के बालों से निकलने वाली नारियल तेल और मोगरा के फूलों की मिश्रित खुशबू उसे रोमांचित करने लगी थी। शायद उसे कुछ-कुछ होने लगा था। लेकिन सूरज अपने दिल की बात कहकर अपने को चीप साबित नहीं करना चाहता था। घर परिवार से बहुत दूर एक अच्छे दोस्त को वह बिल्कुल खोना नहीं चाहता था। इसीलिए उसने दिल को समझा लिया और चुप रहना ही बेहतर समझा।

यह भी पढ़ें:  चुनाव आयोग ने बूथ स्तर के अधिकारियों का प्रशिक्षण प्रारंभ किया

एक रोज जब सूरज क्लास खत्म होने के बाद बेगमपेट रेलवे स्टेशन जाने के लिए सिटी बस का इंतजार कर रहा था। तभी सुगंधा अपनी मां के साथ आ गई। सुगंधा ने सूरज का परिचय अपनी शिक्षिका मां से कराया। वह बड़े दुलार से बोली-“तो तुम्हीं सूरज हो! सुगंधा तुम्हारे बारे में मुझे बहुत कुछ बताती रहती है। बेटा ऐसा करो, आज हमारे साथ ही चलो। मैं तुम्हें अपनी कार से बेगमपेट स्टेशन छोड़ दूंगी।”

सूरज को इस ऑफर से पैसे और समय बचने तथा सुगंधा के साथ कुछ समय और मिलने की मन ही मन तो बेहद खुशी हो रही थी। फिर भी वह अपने जज्बातों को कंट्रोल कर बोला- “आंटी जी, मैं चला जाऊंगा। मेरे पास इस छोटे से बैग के अलावा कोई सामान नहीं है। बस आती ही होगी। आप अपना समय क्यों बर्बाद करेंगी?? ”

लेकिन सुगंधा की मां बोली- “बेटा, मुझे बेगमपेट रेलवे स्टेशन के पास ही कुछ काम है इसलिए मुझे उसी तरफ जाना है। मेरा कोई समय बर्बाद न होगा।” फिर उन्होंने जिद करके सूरज को अपनी मारुति- 800 में बैठा लिया। कार के अंदर बैठते ही सुगंधा की मां के अंदर का शिक्षक जाग उठा। उन्होंने सूरज पर प्रश्नों की बौछार कर दी। पहले तो उन्होंने कुछ रूटीन से प्रश्न दागे- “बेटा, तुम क्या करते हो एयर फोर्स में? तुम्हारे पापा-मम्मी क्या करते हैं?तुम्हारा होमटाउन किधर है? और अंत मे एक कठिन प्रश्न कि- “बेटा तुम्हारा पूरा नाम क्या है?”
“मेरा पूरा नाम सूरज सिंह बैस है।”

फिर प्रतिप्रश्न – “तो तुम लोग वैश्य (बनिया) हो?”
“नहीं, हम लोग ठाकुर हैं। देश के पहले गणतंत्र वैशाली (लिच्छवी) से हमारे पूर्वज आये थे, इसलिए हम बैस कहलाये। कन्नौज के सम्राट हर्षवर्धन और बैसवारा के राजा राव राम बख्स सिंह हमारे पूर्वज हैं। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद भी बैस ठाकुर थे। आज भी हमारे क्षेत्र को बैसवारा ही कहा जाता है।”

सूरज के इस जवाब से सुगंधा की मां काफी प्रभावित दिखीं। उनकी अनुभवी आंखों ने शायद पहचान लिया था कि यह बातूनी लड़का, ढपोरशंख तो बिल्कुल नहीं है। फिर पता नहीं क्या सोचकर वह अपने खानदान के बारे में बताने लगी कि हम रेड्डी हैं। हमे भी आंध्र प्रदेश का ठाकुर ही समझो। मेरे हसबैंड बीएसएनएल में इंजीनियर हैं। सुगंधा के अलावा एक और लड़का है। वह अभी 10वीं कक्षा में है। हमारा गांव यहां से 200 किलोमीटर दूर है लेकिन हम दोनों हैदराबाद में ही नौकरी करते हैं और अब यहीं के हो चुके हैं। बातों-बातों में बेगमपेट रेलवे स्टेशन आ गया। सूरज ने सुगंधा की मम्मी के पैर छुए और “थैंक यू” कहा। वह बहुत देर तक सूरज को प्यार भरी नजरों से देखती रही फिर आशीर्वाद देकर चली गई।

यह भी पढ़ें:  कोलकाता के लोहापट्टी इलाके में भीषण आग लगने से कई गोदाम जलकर खाक

अगले संडे जब सूरज क्लास अटेंड करने हैदराबाद आया तो सुगंधा उसे कुछ ज्यादा ही प्रसन्न नजर आ रही थी। अमूमन शांत रहने वाली सुगंधा ने उस दिन खुद ही अपनी तरफ से बातचीत शुरू कर दी। सूरज उसके व्यवहार में सुखद परिवर्तन देख कर आश्चर्यचकित था। वह दिन सूरज के लिए काफी खुशगवार गुजरा। क्लास खत्म होने के बाद दोनों ने साथ-साथ कॉलेज की कैंटीन में चाय पी और अगले क्लास में मिलने का वादा करके एक दूसरे से विदा लिया।

उन दिनों कैमरे वाले मोबाइल फोन हुआ करते तो शायद सूरज, सुगंधा के साथ कोई सेल्फी खींच लेता और अपने व्हाट्सएप या फेसबुक पर स्टेटस डाल देता कि – “उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश चाय पर चर्चा करते हुए ”
या “Having tea with bestie” या फिर कम से कम चलते समय सुगंधा का मोबाइल नंबर ही ले लेता औऱ उस पर रिंग टोन लगा लेता-
“दो दिल मिल रहे हैं, मगर धीरे-धीरे
सबको हो रही है, खबर धीरे-धीरे”
खैर ऐसा कुछ भी न हो सका फिर भी सूरज खुशी खुशी बीदर वापस लौट आया।

सूरज के बीदर आने के दो दिन बाद ही कारगिल में कुछ तनाव की खबरें टेलीविजन पर आई और अचानक सैनिकों की छुट्टियां बंद कर दी गई। कुछ हफ्तों बाद तो बिल्कुल युद्ध जैसी स्थिति बन गई और उन लोगों को भी छुट्टियां नहीं दी जा रही थी जिनकी खुद की शादी थी। जो छुट्टी पर थे उनको बुलाने के लिए उनके होमटाउन पर तार भेजा जा रहा था।
तो ऐसे माहौल में सूरज क्लास करने की छुट्टी भला किस मुंह से मांगता?? सूरज को अपनी बीसीए की प्रैक्टिकल क्लास मिस होने और फीस के पैसे बर्बाद होने का बेहद अफसोस था। बीच-बीच में उसे सुगंधा की भी याद आती थी, लेकिन वह कर भी क्या सकता था उसे बस एक ही उम्मीद थी कि सीमा पर तनाव कम होते ही वह क्लास अटेंड कर सकेगा और सुगंधा से भी मिल सकेगा।

लेकिन कारगिल में भारत-पाकिस्तान का तनाव बढ़ता ही गया। ज्यादातर सैनिकों को सीमा पर भेज दिया गया और जो यूनिट में बच गए उन्हें सांस लेने तक की फुर्सत नहीं थी। दिन और रात का फर्क मिट गया था। लगभग दो महीने तक इसी तरह का माहौल रहा। सूरज एक भी क्लास न कर सका। वार्षिक परीक्षा में भी वह नहीं बैठ पाया। हारकर उसने निर्णय कर लिया था कि वह अब किसी भी प्रैक्टिकल वाले कोर्स में अपना समय और पैसा बर्बाद नहीं करेगा। सुगंधा को भी वह एक खूबसूरत स्वप्न की तरह भूल जाएगा।

यह भी पढ़ें:  नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर विशेष...

26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने अपने पराक्रम के बदौलत कारगिल युद्ध में विजय हासिल कर ली। सूरज को इस बात की बेहद खुशी थी कि उसकी सेना जीत गई, उसका देश जीत गया था। लेकिन इस बात का कुछ गम भी था कि वह बीसीए की डिग्री और अपनी सुगंधा को हमेशा के लिए हार गया था।

आशा विनय सिंह बैस, लेखिका
Kolkata News Desk Avatar

Kolkata News Desk

News Editor MA

कोलकाता और पश्चिम बंगाल की ब्रेकिंग न्यूज, स्थानीय घटनाओं, खेल, राजनीति और सामाजिक मुद्दों की खबरों को कवर करता है। हमारी डेस्क टीम 24×7 सक्रिय रहकर पाठकों को ताज़ा और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराती है।

Areas of Expertise: Sports, Politics & West Bengal
Fact Checked & Editorial Guidelines

Our Fact Checking Process

We prioritize accuracy and integrity in our content. Here's how we maintain high standards:

  1. Expert Review: All articles are reviewed by subject matter experts.
  2. Source Validation: Information is backed by credible, up-to-date sources.
  3. Transparency: We clearly cite references and disclose potential conflicts.
Reviewed by: Subject Matter Experts

Our Review Board

Our content is carefully reviewed by experienced professionals to ensure accuracy and relevance.

  • Qualified Experts: Each article is assessed by specialists with field-specific knowledge.
  • Up-to-date Insights: We incorporate the latest research, trends, and standards.
  • Commitment to Quality: Reviewers ensure clarity, correctness, and completeness.

Look for the expert-reviewed label to read content you can trust.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *