टिकट नहीं मिलने से नाराज अर्जुन को फिरहाद ने किया फोन

कोलकाता। लोकसभा चुनाव में बैरकपुर से उम्मीदवार नहीं बनाए जाने से नाराज अर्जुन सिंह को तृणमूल मनाने की कोशिश कर रही है। सत्तारूढ़ पार्टी के सूत्रों के अनुसार, कोलकाता के मेयर फिरहाद (बॉबी) हकीम ने अर्जुन को फोन किया है।

सूत्रों ने बताया है कि अर्जुन सिंह को राज्य प्रशासन में ऊंचा ओहदा ऑफर किया गया है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है। अर्जुन सिंह ने मंगलवार को इस बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया लेकिन उनके करीबी सूत्रों के मुताबिक, ”नया” ऑफर मिलने के बाद भी वह नाराज हैं।

बैरकपुर संसदीय सीट पर उनकी नजर है। पांच साल पहले भाटपाड़ा से विधायक अर्जुन सिंह लोकसभा का टिकट नहीं मिलने पर तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये थे। तब वह जीते भी थे।

 2021 के विधानसभा चुनाव में जब भाजपा बंगाल में सरकार नहीं बना सकी तो वापस तृणमूल कांग्रेस में लौट गए।

इस बार तृणमूल ने भी सिटिंग सांसद होने के बावजूद उन्हें बैरकपुर से उम्मीदवार नहीं बनाया और पार्थ भौमिक को टिकट दिया है, जिसके बाद से उन्होंने सरेआम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि भाजपा छोड़ना उनकी गलती थी।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *