खुद को NCCB का डिप्टी डायरेक्टर बताने वाले फर्जी सरकारी अधिकारी कोलकाता से गिरफ्तार

Kolkata Desk : कोलकाता से लगातार फर्जी अधिकारियों (Fake Officers) की गिरफ्तारी एक के बाद एक होती जा रही है। इस मामले में अब तक कई सरकारी वकीलों और सरकारी अधिकारियों (Government officers) की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके बाद से ही कोलकाता पुलिस (Kolkata Police) हाई अलर्ट पर है। कोलकाता से अब फिर एक फर्जी सरकारी अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। उसका नाम गुलाम रब्बानी (40) है। वह खुद को वक्फ बोर्ड सुपरवाइजरी कमेटी का सदस्य और नेशनल क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (NCCB) का डिप्टी डायरेक्टर बताता था।

गुलाम रब्बानी कोलकाता के 38, सुरेश सरकार रोड का रहने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आज अदालत में पेश किया तथा अदालत से अभियुक्त की पुलिस हिरासत की मांग की गयी। ज्ञातव्य हो कि इसके पहले भी पुलिस कई फर्जी सरकारी अधिकारियों को अब तक गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें फर्जी आईएएस अधिकारी देबांजन देब, फर्जी आईपीएस अधिकारी सनातन रॉय चौधरी और फर्जी सीबीआई अधिकारी सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया था।

फर्जी अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद अब तक कई सरकारी वकीलों और सरकारी अधिकारियों की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके बाद से ही कोलकाता पुलिस हाई अलर्ट पर है। पुलिस से मिली जानकारी में बताया गया है कि प्रगति मैदान इलाके में तलाशी अभियान चल रहा था। उसी समय पुलिस दल ने देखा कि पश्चिम बंगाल सरकार के स्टिकर वाली एक कार बाईपास के सामने खड़ी है। कार के आगे की प्लेट पर इंग्लिश में लिखा था National Crime Control Bureau, Deputy Director (India) (“राष्ट्रीय अपराध नियंत्रण ब्यूरो के उप निदेशक)।

”फर्जी आईएएस, वकीलों और सरकारी अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद से कोलकाता पुलिस हाई अलर्ट पर पहले से ही है। इसलिए ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारियों को कार के सामने राष्ट्रीय अपराध नियंत्रण ब्यूरो द्वारा लिखी प्लेट देखकर शक हुआ। इसके बाद कार में बैठे व्यक्ति से पूछताछ करने लगे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवक की बातों में विरोधाभास पाई गईं।

वह वक्फ बोर्ड की पर्यवेक्षी समिति का सदस्य होने का दावा कर रहा था, लेकिन जब ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारियों ने उस व्यक्ति पर और दबाव डाला, तो उसने कथित तौर पर पुलिस को रिश्वत देने की कोशिश की। बाद में उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया और उस फर्जी प्लेट लगी गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया।उसके खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में गुलाम रब्बानी ने यह भी बताया कि वह लोगों से पैसे ऐठने के लिए खुद को सरकारी अधिकारी के रूप में पेश करता था। उसके खिलाफ आइपीसी की धारा 419, 420, 467, 471 और 120बी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *