Vlcsnap 2023 05 14 17h40m41s158

सबसे पहले मयांमार फिर बांग्लादेश में तबाही मचाएगा चक्रवात मोचा, बंगाल में बारिश का सिलसिला शुरू

कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान मोचा धीरे-धीरे भारतीय समुद्र तटों से दूर और बांग्लादेश तथा म्यांमार के तटीय क्षेत्रों के करीब जा पहुंचा है। रविवार को मौसम विभाग की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि सुबह 3:00 बजे के करीब चक्रवात भारतीय समुद्र तट पोर्ट ब्लेयर से 750 किलोमीटर दूर उत्तर उत्तर पश्चिम में जा पहुंचा है जबकि बांग्लादेश के कॉक्स बाजार से महज 350 किलोमीटर और म्यांमार के सितवे समुद्र तट से महज 260 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम में अवस्थित है।

यह 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और समुद्र तट पर लैंडफॉल के समय इसकी अधिकतम गति 210 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है जिसकी वजह से जानमाल के भारी नुकसान की आशंका है। सबसे पहले चक्रवात म्यांमार के समुद्र तट पर लैंडफॉल करेगा जिसके बाद बांग्लादेश के कॉक्स बाजार तट पर टकराएगा। इसके प्रभाव से पहले से ही इन दोनों देशों में तेज आंधी तूफान के साथ बारिश हो रही है। तटीय क्षेत्रों से अधिकतर लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया है।

इधर इस चक्रवात के प्रभाव से राजधानी कोलकाता के साथ ही दक्षिण 24 परगना और पूर्व तथा पश्चिम मेदिनीपुर के तटीय इलाकों में भी बारिश शुरू हो गई है। वैसे तो मौसम विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि भारत के तटीय इलाकों में इसका बहुत अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा बावजूद इसके आंधी तूफान के साथ बारिश के मद्देनजर एनडीआरएफ की टीमें समुद्र तटीय क्षेत्रों में तैनात की गई हैं। इधर लगातार बारिश के बाद राजधानी कोलकाता के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

एक दिन पहले रिकॉर्डेड डाटा के मुताबिक अधिकतम तापमान महज 33.9 डिग्री सेल्सियस है जो सामान्य से दो डिग्री कम है जबकि न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस है। मौसम विभाग ने बताया है कि आज भी आसमान में बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश जारी रहेगी जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

three × five =