Images 2023 11 29t141322.053

बंगाल : अमित शाह की सभा में शामिल होने के लिए पूरे राज्य से उमड़ा लोगों का हुजुम

कोलकाता: केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के बड़े नेता अमित शाह आज बुधवार को राजधानी कोलकाता आ रहे हैं। महानगर के धर्मतल्ला इलाके में जहां सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस का विशाल शहीद दिवस कार्यक्रम होता है, वही भाजपा की जनसभा होनी है। अमित शाह के लिए 60 फीट चौड़ा मंच बनाया गया है जिस पर उनके साथ केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह और साध्वी निरंजन ज्योति भी होंगे। इसके अलावा बंगाल भाजपा के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष समेत सभी बड़े नेता उपस्थित रहेंगे।

गृह मंत्री की जनसभा में शामिल होने के लिए पूरे बंगाल से कार्यकर्ताओं का सैलाब कोलकाता में उमड़ पड़ा है। हावड़ा और सियालदह स्टेशनों पर पार्टी की ओर से कैंप लगाए गए हैं जहां पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं के खाने और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए व्यवस्था की गई है। बुधवार सुबह से ही हावड़ा और सियालदह स्टेशनों से रैली की शक्ल में भाजपा के कार्यकर्ता धर्मतल्ला की ओर चल पड़े हैं, जिसकी वजह से हावड़ा ब्रिज और अन्य इलाके जाम हैं।

एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक अमित शाह के स्वागत में भाजपा ने बड़े-बड़े फेसटून, पोस्टर और बैनर लगाए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने हावड़ा, सियालदह और अन्य जगहों पर पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए बनाए कैंप में जाकर तैयारियों का जायजा लिया है। शाह के दौरे को केंद्र कर पूरे महानगर में सुरक्षा की चौक चौबंदी व्यवस्था की गई है।

उल्लेखनीय है कि 100 दिनों की रोजगार गारंटी योजना के बकाए को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने दिल्ली में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया था। इसी के जवाब में भाजपा की धर्मतल्ला में यह जनसभा होनी है। इसमें पार्टी ने एक लाख लोगों के जुटने की उम्मीद जताई है। इस कार्यक्रम में राज्य भर से ऐसे लोगों को लाया जा रहा है जो वाकई में गरीब हैं और मनरेगा में शामिल किए जाने चाहिए लेकिन उन्हें शामिल नहीं किया गया है।

भाजपा का आरोप है कि केवल सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को मनरेगा मजदूरों की सूची में शामिल किया गया है। वह भी 10 लोगों के काम की जगह 20 लोगों का पैसा उठाकर केंद्र के फंड का दुरुपयोग किया जा रहा है। आज गृह मंत्री के संबोधन पर पूरे देश की निगाहें टिकी हैं। भाजपा सूत्रों ने बताया है कि उनके निशाने पर ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी रहने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *