Covid-19 : बंगाल में 15 जून तक बढ़ा प्रतिबंध, जानें इस दौरान क्या खुलेगा, क्या रहेगा बंद

Kolkata Desk : बंगाल में बढ़ते कोरोना के मामले को देखते हुए राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 15 दिनों के लिए पहले से लागू प्रतिबंध को बढ़ाने की घोषणा की हैं। गुरुवार को नवान्न में एक संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि कोविड (COVID-19) कुछ हद तक कम हो गया है तथा 15 जून तक प्रतिबंध बढ़ाए जाने की घोषणा की।

ममता बनर्जी ने कहा कृपया इसे लॉकडाउन या कर्फ्यू न कहें। लॉकडाउन एक अलग कानून है। मैं विषम परिस्थितियों पर प्रतिबंध लगा रही हूं। कोविड कुछ हद तक कम हुआ है। लोग सहयोग कर रहे हैं, अतः हमलोग थोड़ा और समय ले रहे हैं। मैं इसके लिए माफी मांगती हूं। परंतु अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए सभी कुछ सीमाओं के अंदर चालू है। ऑनलाइन सेवाएं भी सक्रिय हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की ही तरह पाबंदियां जारी रहेंगी। रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक कोई भी बाहर नहीं निकलेगा। बाजार, मिठाई की दुकानें, साड़ी, ज्वेलरी की दुकानें नियमानुसार खुलेंगी। जूट मिल में कर्मचारियों की संख्या 30 फीसदी से बढ़ाकर 40 फीसदी कर दी गई है। टीका लगा रहने पर निर्माण श्रमिक काम कर सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि राज्य में पहले 15 मई को प्रतिबंध लगाया था। बताया गया कि आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी सरकारी व निजी विभाग 30 मई तक बंद रहेंगे। उससे पहले ही लोकल ट्रेन को बंद दिया गया था। बस, मेट्रो और फेरी सेवाएं भी पूरी तरह से बंद कर दी गईं थी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *