देवर पर लगा भाभी से दुष्कर्म की कोशिश का आरोप, रोकने पर की मारपीट

मालदा। देवर पर लगा भाभी के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने तथा रोकने पर भाभी को मारने पीटने का आरोप। गंभीर रूप से घायल गृहिणी को मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कालियाचक थाने के कुठीपाड़ा इलाके में बुधवार देर रात हुई। इस घटना में पीड़ित गृहिणी ने कालियाचक थाने में अपने देवर मिथुन मंडल के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार घायल गृहिणी का नाम चंचला मंडल (26) है। उनके पति स्वपन मंडल लंबे समय से राजमिस्त्री के रूप में बाहरी राज्य में कार्यरत हैं।

घर में गृहिणी अकेली रहती थी। साथ ही घर में उसका देवर मिथुन मंडल भी रहता था। आरोप है कि इस मौके का फायदा उठाकर मिथुन मंडल अपनी भाभी का अपमान किया करता था। बुधवार रात घर वालों से नजर बचाकर आरोपी देवर अपनी भाभी के कमरे में घुस गया व उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। उस समय गृहिणी ने देवर का विरोध किया तो उसने भाभी के साथ मारपीट की। आरोप है कि देवर मिथुन मंडल ने उसे थप्पड़ व घूसा मारा यहां तक कि लोहे की रड से उसने महिला की पिटायी की।

गृहिणी की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो आरोपी मिथुन मंडल क्षेत्र से फरार हो गया। उसके बाद स्थानीय लोगों ने लहूलुहान हालत में गृहिणी को मालदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। कालियाचक थाने की पुलिस ने बताया कि मिथुन मंडल नाम के युवक के खिलाफ पूरी घटना को लेकर लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *