बंगाल में जन-आशीर्वाद यात्रा के दौरान मंत्री और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर भड़की भाजपा

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर और कई कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा ने कहा है कि बंगाल में जगह-जगह यात्रा रोकने के साथ 30 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने कहा, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नव-नियुक्त मंत्रियों के लिए जन आशीर्वाद यात्रा की शुरूआत की है। लेकिन बंगाल में 30 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को, जो जन-आशीर्वाद यात्रा में जो भाग ले रहे थे, उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा, पश्चिम बंगाल में बिना कारण जन-आशीर्वाद यात्रा जगह-जगह रोकी जा रही है। सबसे दुखद है कि मतुवा समाज के बेटे शांतनु ठाकुर , जिन्हें मंत्री बनाया गया है, वो बंगाल से सांसद हैं, उन्हें गिरफ्तार किया गया है। ये मतुवा समाज को आहत करता है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने पार्टी मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, कुछ दिन पहले दिल्ली में छोटी सी बच्ची के साथ के साथ दुष्कर्म हुआ, इस मामले पर भी राहुल गांधी ने राजनीति की और कानून के दायरे से बाहर जाकर बच्ची के माता-पिता की तस्वीर को सोशल मीडिया पर डाला था।

संबित पात्रा ने कहा कि पीड़िता की मां ने खुद बयान देकर कहा है कि हमारे परिवार से तस्वीर सार्वजनिक करने की कोई हामी नहीं दी है। बच्ची की मां जब मीडिया से बात कर रही थीं, तब भी उन्होंने अपनी पहचान को छिपाया था। दुखद है कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने देश से इतना बड़ा झूठ बोला है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि जब राहुल गांधी ने पीड़िता के परिवार की तस्वीर साझा की, तब ट्विटर ने अपनी पॉलिसी के अनुसार कार्रवाई की थी। तब राहुल गांधी ने देश से झूठ बोला था कि पीड़िता के परिवार ने उनको स्वीकृति दी थी। कोई भी जिम्मेदार राजनेता ऐसा नहीं कर सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *