Dead

बंगाल || बच्चे की बीमारी से परेशान मां ने अस्पताल में की आत्महत्या

Kolkata Hindi News, कोलकाता। बांकुड़ा। जन्म से ही बच्चे को बीमार देख अवसादग्रस्त मां ने अस्पताल में आत्महत्या कर ली। उसका शव अस्पताल की तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से बरामद किया गया। मृत महिला का नाम पूजा सिंह है। घटना सोमवार सुबह बांकुड़ा जिला अन्तर्गत बांकुड़ा सम्मिलनी मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल की है। इस घटना को लेकर अस्पताल में तनाव का माहौल है।

सूत्रों के अनुसार, पुरुलिया जिला अन्तर्गत अनारा गांव के बेनको इलाके की रहने वाली पूजा सिंह नाम की महिला को गत 20 नवंबर को प्रसव पीड़ा के कारण बांकुड़ा सम्मिलनी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया। उस दिन पूजा ने एक कन्या संतान को जन्म दिया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बच्चा जन्म से ही बीमार है। उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया हैं।

परिजनों का दावा है कि एक माह बाद भी बच्चे की शारीरिक स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। जिसकी वजह से पूजा अवसादग्रस्त रह रही थी। सोमवार सुबह पूजा ने परिजनों से शौच जाने की बात कही। उसके काफी समय बाद भी वापस नहीं लौटने पर तलाश शुरू हुई। कुछ देर बाद पूजा का शव तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से बरामद हुआ।

उसे साड़ी का फंदा लगा लटकता हुआ पाया गया। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि उन्होंने अवसाद के कारण आत्महत्या की है। सवाल यह उठता है कि महिला ने अस्पताल प्रशासन की नजरों से बचते हुए इतना बड़ा कदम कैसे उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *