बंगाल : पत‍ि को ढूंढने शहर आई व‍िवाह‍िता, 6 लोगों ने अगवा कर क‍िया गैंगरेप

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बर्दमान में 25 वर्षीय विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला को कथित तौर पर सड़क किनारे से एक टोटो  (इको रिक्शा ) में 6 लोगों ने जबरन उठा ल‍िया और एक सुनसान जगह पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम द‍िया। महिला का बर्दमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बर्दमान अस्पताल के पास राज कॉलेज के गेट के सामने फुटपाथ पर उसे स्थानीय कारोबारियों ने गंभीर हालत में पड़ा देखा। उन्होंने इसकी सूचना अस्पताल के पुलिस कैंप में दी। व्यापारियों ने दुकानों में काम करने वाली महिलाओं के सहयोग से पीड़िता को बर्दमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया।

पीड़िता ने बताया कि उनके साथ झगड़ा कर पति घर छोड़ कर चला गया था, जिसके बाद वह अपने पति की तलाश में बर्दमान आई थी। उसका पति बर्दमान की एक फैक्ट्री में काम करता है। इसके बाद पीड़िता बर्दमान स्टेशन से सटे इलाके में थक कर बैठ गई। वहां एक और औरत बैठी थी इसलिए वह उसकी बगल में बैठ गई। तभी एक टोटो में 6 लोग आए और उसे जबरन ले गए। फिर वह लोग उसे एक अंधेरी और सुनसान जगह पर ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया।

इस मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कल्याण सिन्हा रॉय ने कहा कि घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वे बर्दमान शहर के रहने वाले हैं। बाकी की पहचान गिरफ्तार 2 लोगों से पूछताछ में की गई। टोटो चालक घटना से जुड़ा है। बाकी की तलाश की जा रही है। बर्दवान सदर थाना पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *