बंगाल : अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चार की मौत

झाड़ग्राम/मालदह। झाड़ग्राम और मालदह में सोमवार रात तक दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मालदह जिले के मानिकचक के बांकीपुर में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी। सूत्रों के अनुसार एक बाइक तेजी से मानिकचक की ओर जा रही थी। उसी समय फागू मंडल नाम का एक व्यक्ति मानिकचक से मुहाने की ओर सड़क पार कर रहा था। अचानक बाइक आई और उसे जोरदार टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक पर सवार जावेद अख्तर भी गंभीर रूप से घायल हो गये।

दोनों को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अंततः बचाया नहीं जा सका। उधर, झाड़ग्राम के गडरो के पास बाइक और लॉरी की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गयी। सूत्रों के मुताबिक घटना के वक्त लॉरी तेज रफ्तार से चल रही थी। अचानक उसने बाइक के पीछे से टक्कर मार दी। झटका लगते ही बाइक पलट गई। बाइक पर सवार हिमांशु महतो और श्यामपद महतो नामक दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये।

स्थानीय निवासियों ने दोनों को झाड़ग्राम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इनमें से एक हिमांशु महतो का घर महमनपुर में था। श्यामपद महतो का घर लोहमेलिया में था। इस बीच, घटना को लेकर इलाके के लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

सिलीगुड़ी : बाजार से व्यक्ति का शव बरामद, इलाके में सनसनी

सिलीगुड़ी के फुलेश्वरी बाजार इलाके से एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक व्यक्ति का नाम समीर दास (32) है। वह वार्ड नंबर 24 के देबाशीष कॉलोनी का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि आज सुबह स्थानीय लोगों ने फुलेश्वरी ब्रिज पर एक व्यक्ति का शव देखा। उसके बाद सिलीगुड़ी थाने की पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मौत अत्यधिक शराब पीने के कारण हुई होगी। सिलीगुड़ी थाने की ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *