Babul Supriyo

सीने में दर्द के बाद अस्पताल में भर्ती बाबुल सुप्रियो की हालत स्थिर

कोलकाता। सीने में दर्द के बाद कोलकाता के वूडलैंड अस्पताल में भर्ती बाबुल सुप्रियो की हालत स्थिर बनी हुई है। रविवार शाम उन्हें बहुत अधिक पसीने होने लगे थे और सीने में दर्द हो रहा था जिसके बाद सुप्रीयो को दक्षिण कोलकाता के वूडलैंड अस्पताल में भर्ती किया गया था। ममता कैबिनेट में विधायक सुप्रियो की सेहत की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने उनसे फोन पर बात की थी और उनकी हालत के बारे में पूछा था। उन्होंने डॉक्टरों से भी बात कर बाबुल सुप्रियो की बेहतर चिकित्सा के निर्देश दिए थे।

इसके बाद सोमवार शाम अस्पताल की ओर से बाबुल सुप्रियो की सेहत पर अपडेट जारी किया गया है। इसमें बताया गया है कि हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सरोज मंडल और सप्तर्षी बसु की निगरानी में सुप्रियो का इलाज चल रहा है। वह लगातार चिकित्सकों की निगरानी में हैं। उनके सीने की एंजियोग्राफी की गई है। इसके साथ ही उनका कोरोनरी आर्टरी डिजीज डायग्नोसिस हुआ है। चिकित्सकों ने साफ कर दिया है कि फिलहाल उन्हें बायपास सर्जरी की जरूरत नहीं है लेकिन वह निगरानी में रहेंगे। उनका इकोकार्डियोग्राफी भी सामान्य है।

फिलहाल उन्हें अस्पताल से नहीं छोड़ा जाएगा। बालीगंज से विधायक बाबुल सुप्रियो की सेहत को लेकर उनके समर्थकों में भी चिंता है। राज्य के पर्यटन मंत्री का प्रभार संभाल रहे बाबुल मोदी कैबिनेट में भी मंत्री रह चुके हैं। मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया था और सांसद पद भी छोड़ दी थी। बाद में उन्होंने ममता बनर्जी की उपस्थिति में तृणमूल की सदस्यता ली थी और बालीगंज से विधायक का चुनाव जीतकर ममता कैबिनेट में मंत्री हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *