जेल में अणुव्रत मंडल की बिगड़ी तबीयत, सीने में दर्द की शिकायत

आसनसोल। राज्य के बहुचर्चित मवेशी तस्करी मामले में सीबीआई के हाथों गिरफ्तारी के बाद आसनसोल जेल में बंद बीरभूम जिले के बाहुबली नेता अणुव्रत मंडल की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। सूत्रों के मुताबिक शनिवार रात को भी अणुव्रत ने सीने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद जेल के डॉक्टरों ने उनकी जांच की थी। उसके बाद रविवार को एक बार फिर उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की जिसके बाद जेल प्रशासन ने फौरन उन्हें अस्पताल ले जाने का निर्णय किया।

जेल सूत्रों के मुताबिक जेल पहुंचे सीबीआई अधिकारियों की पूछताछ के बाद से ही अणुव्रत ने अपने सीने में दर्द की बात कही थी। इसके बाद जेल में ही उनके प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई। उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट भी दिया गया, लेकिन उनकी स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं आई। जेल प्रशासन ने उन्हें जिला अस्पताल ले जाने का फैसला किया। रविवार सुबह करीब 11 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

वह गाड़ी से उतरकर पैदल चलते हुए अस्पताल में दाखिल हुए। सूत्रों के अनुसार अणुव्रत मंडल का ईसीजी करवाया गया है। उनके साथ एक चिकित्सक और एक अटेंडेंट को भी रखा गया है। पिछले सौ दिनों से जेल में रह रहे मंडल का वजन दस किलोग्राम तक घट गया है।

उल्लेखनीय है कि गौ तस्करी मामले में गिरफ्तार अणुव्रत मंडल से केंद्रीय एजेंसी के अधिकारी लगातार पूछताछ कर रहे हैं। अब इस मामले से लॉटरी भ्रष्टाचार का मामला भी जुड़ गया है। शनिवार को भी सीबीआई के अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की थी। यह पूछताछ लंबे समय तक चली थी। जेल प्रशासन की ओर से बताया गया है कि संभवत ठंड के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी है। उन्हें कोई विशेष समस्या नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *