Terror Akram

मारा गया लश्कर ए तैयबा में आतंकियों की भर्ती का पूर्व प्रमुख अकरम गाजी

इस्लामाबाद। पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के एक पूर्व नेता की हत्या हुई है। बाजौर में LeT में आतंकियों की भर्ती के पूर्व प्रमुख अकरम गाजी की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। अकरम गाजी का नाम अकरम खान था, लेकिन अधिकतर लोग उसे अकरम गाजी के नाम से जानते थे। गुरुवार को उसपर हमला हुआ। वह 2018 से 2020 तक LeT में आतंकियों की भर्ती विभाग का प्रमुख था।

उसे पाकिस्तान में भारत के खिलाफ भाषण देने के लिए जाना जाता था। अकरम गाजी LeT के टॉप आतंकियों में से एक था। वह लंबे समय से आतंकी गतिविधियों में शामिल था। उन्होंने लश्कर भर्ती सेल का नेतृत्व किया था। इस विभाग द्वारा आतंकियों के प्रति सहानुभूति रखने वाले व्यक्तियों की पहचान की जाती है और उनकी भर्ती की जाती है। LeT अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन है।

इसने भारत के खिलाफ बहुत से आतंकी हमले कराए हैं। इनमें गाजी की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। अकरम गाजी पर किस तरह हमला हुआ इसके बारे में अधिक जानकारी सामने नहीं आई है। यह बात सामने आई है कि अज्ञात हमलावरों ने बाजौर में गाजी पर गोलियां चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।

बाद में उसकी मौत हो गई। हमले से जुड़ी परिस्थितियों का अभी तक पूरी तरह से खुलासा नहीं किया गया है। बता दें कि बाजौर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मलकंद डिवीजन का जिला है। यह अफगानिस्तान से लगी सीमा पर है। यह क्षेत्र तालिबान और अल-कायदा समेत विभिन्न आतंकी समूहों का गढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *