पुलिस फायरिंग में एक युवक की मौत, फिर गरमाया कालियागंज का माहौल

उत्तर दिनाजपुर। पुलिस फायरिंग में एक युवक की मौत के आरोप पर फिर एक बार उत्तेजित हो उठा कालियागंज। इस घटना से एक बार फिर शहर में हड़कंप मच गया है। थाना आगजनी मामले में आरोपित को गिरफ्तार करने के दौरान  फायरिंग का पुलिस पर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई है। घटना कलियागंज ब्लॉक के राधिकापुर इलाके में बुधवार की रात हुई। सूत्रों के अनुसार मृत युवक का नाम मृत्युंजय बर्मन (33) है। वह राधिकापुर क्षेत्र के चांदगांव निवासी था।

भाजपा का आरोप है कि पुलिस ने बुधवार देर रात राधिकापुर पंचायत समिति सदस्य विष्णु बर्मन के घर छापेमारी की। चूंकि वह उस समय घर पर नहीं थे, इसलिए पुलिस ने उनके बुजुर्ग पिता को गिरफ्तार करने की कोशिश की। ग्रामीणों ने पुलिस का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि पुलिस ने शक के आधार पर दो राउंड फायरिंग की। शरीर में गोली लगने से मृत्युंजय गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में जब उन्हें कालियागंज स्टेट जेनरल अस्पताल ले जाया गया तो ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने मृत्युंजय बर्मन को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों व मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ मृत्युंजय बर्मन के शव का हुआ पोस्टमार्टम

उत्तर दिनाजपुर। रायगंज मेडिकल कॉलेज के पुलिस मुर्दाघर में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में परिजनों के सामने वीडियोग्राफी के साथ मृत्युंजय बर्मन के शव का मेडिकल पोस्टमार्टम शुरू हुआ। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे मृतक के परिजन आए और पोस्टमार्टम के कागज पर दस्तखत कर दिए। फिर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में परिजनों के सामने वीडियोग्राफी के साथ मेडिकल पोस्टमार्टम शुरू हुआ। मामले को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम किये गये थे। भारी पुलिस बल की पहले से तैनाती की गयी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *