Vlcsnap 2023 03 28 15h37m37s244

उत्तर बंगाल की खबरों पर एक नजर…

मेयर ने कंचनजंगा स्टेडियम के मैदान का लिया जायजा

सिलीगुड़ी। मेयर गौतम देव सिलीगुड़ी के कंचनजंगा स्टेडियम मैदान का मंगलवार को एक बार फिर जायजा लेने पहुंचे। जानकारी मिली बै कि बीते फरवरी महीने में कंचनजंगा स्टेडियम में मुख्यमंत्री के सरकारी कार्यक्रम के बाद मैदान क्षतिग्रस्त हो गया था। उस दौरान सिलीगुड़ी नगर निगम को लोगों के सवालों का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद मेयर ने एक महीने के भीतर मैदान को एक नए रूप में बहाल करने की जिम्मेदारी ली। इसके अनुसार काम शुरू हुआ।वर्तमान में कंचनजंगा स्टेडियम का मैदान धीरे-धीरे हरा-भरा होता जा रहा है।

मेयर ने आज फिर से मैदान का जायजा लिया। मैदान की स्थिति का जायजा लेने के बाद उन्होंने कहा कि अप्रैल में दो कार्यक्रम हैं। इसके बाद किसी अन्य कार्यक्रम के लिए मैदान नहीं दिया जाएगा। इस मैदान का उपयोग केवल खेलने के लिए किया जाएगा। मेयर ने आगे कहा कि कोई बड़ा सरकारी कार्यक्रम होने पर मैदान का उपयोग किया जा सकता है। इसके अलावा किस निजी संस्था को मैदान नहीं दिया जाएगा।

मानव तस्करी पर रोक लगाने को कंचनजंगा उद्धार केंद्र सक्रिय : रंगू सौरिया

सिलीगुड़ी। मानव तस्करी एक विश्वव्यापी समस्या है, जिससे आये दिन महिलाओं और खासतौर पर युवतियों को जूझना पड़ता है। सरकारें मानव तस्करी पर रोक लगाने को लेकर अपने स्तर पर सक्रिय है हालांकि, समाज की इस विकट समस्या का समाधान करने के लिए प्रशासनिक पहल ही काफी नहीं है। इसके समाधान के लिए सामाजिक संगठनों और समाज सेवियों को आगे आना होगा। यह कहना है मानव तस्करी पर रोक लगाने को लेकर सक्रिय कंचनजंगा उद्धार केंद्र की संचालक रंगू सौरिया का । मानव तस्करी को लेकर न्यूज़ एशिया को उन्होंने बताया कि वैसे तो यह समस्या पूरे विश्व में है, लेकिन पश्चिम बंगाल की बात करें तो यह एक गंभीर समस्या बनी हुई है।

ब्राउन शुगर बेचने के आरोप में 2 नशा तस्कर गिरफ्तार

सिलीगुड़ी। पुलिस ने ब्राउन शुगर बेचने के आरोप में 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। नक्सलबाड़ी के सातभैया मोड़ पर 100 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 2 नशा तस्कर गिरफ्तार। पुलिस सूत्रों के मुताबिक नक्सलबाड़ी के सातभैया इलाके में नशीला पदार्थ बेचते हुए पुलिस ने उन्हे रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।आरोपियों के नाम गोपी बर्मन और नकुल कुमार सरकार हैं। दोनों आरोपी पानीटंकी और नक्सलबाड़ी के रहने वाले हैं। गिरफ्तार लोगों को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में भेजा गया है। आगे की पूछताछ के लिए पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेने की अपील की है। पुलिस ने बताया कि बरामद नशीली दवाओं का बाजार मूल्य करीब ढाई लाख रुपये बताया है।

भगवामय हुआ शहर, रामनवमी की तैयारी में जुटे कई संगठन

यह भी पढ़ें:  नयाग्राम में डॉक्टर की तत्परता से बची किशोर की आंख, बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से हुआ था घायल

सिलीगुड़ी। 30 मार्च को रामनवमी को देखते हुए सिलीगुड़ी शहर भगवामय हो गया है। रमनवमी की तैयारियों में विभिन्न संगठन के सदस्य अपने अपने स्तर पर जुट गये हैं। शहर की विभिन्न सड़कों को भगवा झंडों से सजाया जा रहा है। कहीं रथ बनाया जा रहा है, तो कहीं उस दिन निकलने वाली झांकी के लिए अंतिम अभ्यास चल रहा है। हिलकार्ट रोड, सेवक रोड सहित शहर की विभिन्न सड़कों के किनारे दुकानों में भी भगवा झंडों की भरमार है। दुकानदार भी बिक्री को लेकर खुब उत्साहित हैं।

उल्लेखनीय है कि रामनवमी के दिन कुल 81 झांकिया शहर की विभिन्न सड़कों से परिक्रमा करते हुए हिलकार्ट रोड पहुंचेगी। कोई सेवक रोड से रैली लेकर आयेंगे तो कोई एसएफ रोड से। इसकी तैयारी में हिंदु सभ्य समाज, रामनवमी महोत्सव समिति जैसे कई संगठन भव्य रैलियां निकालने की तैयारी में जुटा है। इस रैली में शामिल होने के लिए शहर के लोगों से आग्रह किया गया है।

इसे लेकर आम लोगों में भी खास उत्साह देखा जा रहा है। पूरे शहर को भगवा झंडो से ढंक दिया जा रहा है। संगठनों की ओर से दावा किया जा रहा है कि लाखों की संख्या में रामभक्त विभिन्न रैलियों के साथ हिलकार्ट रोड पहुंचेंगे। रामनवमी महोत्सव समिति का कहना है कि रामनवमी के दिन हिलकार्ट रोड सहित पूरे सिलीगुड़ी की शोभा देखते ही बनेगी।

गुलाम रब्बानी को मंत्रालय से हटाने को लेकर राजनैतिक हलकों में चर्चा

उत्तर दिनाजपुर। राज्य के अल्पसंख्यक मदरसा विकास मंत्री गुलाम रब्बानी को मंत्रालय से हटाने को लेकर राजनैतिक चर्चा जोर पकड़ रही है। सत्ताधारी व विरोधी पार्टी एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करने में लगे है। उत्तर दिनाजपुर जिले में तृणमूल जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह कार्यालय अपने पास ले लिया है और एक अन्य कार्यालय गोवालपोखर के विधायक और मंत्री गुलाम रब्बानी को दिया गया है। लेकिन भाजपा उत्तर दिनाजपुर जिला महासचिव तापस बिस्वास ने इसे मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने दावा किया कि मंत्री गुलाम रब्बानी अपने विभाग की ओर से क्षेत्र में कोई काम नहीं किया। उनकी विफलता के कारण उन्हें मंत्रालय से हाथ धोना पड़ा।

5 अप्रैल को संसद अभियान के समर्थन में रैली व पथसभा

उत्तर दिनाजपुर। सीपीएम प्रभावित श्रमिक संगठनों का राज्यव्यापी जुलूस इस्लामपुर शहर पहुंचा। केंद्र के काला कानून को रद्द करने की मांग पर सीपीएम के श्रमिक संगठन ने अगले 5 अप्रैल को संसद अभियान का आह्वान किया है। इसके समर्थन में कूचबिहार से कोलकाता तक जुलूस निकाला जा रहा है। इसके तहत मंगलवार को यह जत्था इस्लामपुर शहर के टर्मिनस पर पहुंचा। केंद्र के काला कानून को रद्द करने सहित उनकी कई मांगें उठायी गयी हैं।

यह भी पढ़ें:  दुर्गा पूजा से पहले मरम्मत की मांग पर बिजली विभाग को ज्ञापन

इसके साथ ही इस्लामपुर बस टर्मिनस पर एक पथ सभा का भी आयोजन किया गया। परिवहन उद्योग से जुड़े बस चालक, कंट्रक्टर, खलासी ने आज इस सभा व रैली में भाग लिया। वामपंथी मजदूर संगठन के नेता तापस दास ने कहा कि 2019 के कानून के अनुसार केंद्र सरकार पूंजीपतियों को परिवहन उद्योग में प्रवेश की अनुमति देना चाहती है। आज का विरोध मार्च कूचबिहार से कोलकाता तक कई मांगों को लेकर किया जा रहा है।

राज्य सरकार की नियुक्ति घोटाला सहित विभिन्न भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा का डुआर्स कन्या अभियान

अलीपुरद्वार। तृणमूल के खिलाफ नियुक्ति घोटाला, बालू व कोयला तस्करी सहित विभिन्न मामलों को लेकर आलीपुरद्वार भाजपा ने मंगलवार को डुआर्सकन्या अभियान चलाया। इसके तहत सरकारी नौकरी चोरों को जेल भेजने की मांग और भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने विशाल रैली लेकर जिलाधिकारी कार्यालय डुआर्स कन्या के सामने धरना प्रदर्शन किया। कार्यक्रम विधायक मनोज तिग्गा, विधायक दीपक बर्मन सहित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विशाल रैली लेकर डुआर्स कन्या पहुंचे व वहां धरना दिया।

इधर भाजपा की रैली को रोकने के लिए डुआर्सकन्या के सामने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। भाजपा के जिलाध्यक्ष भूषण मोदक ने कहा, “चोर की मां की आवाज बड़ी बुलंद है। पूरे राज्य में नौकरियां, गाय, कोयला चोरी हो रहे हैं लेकिन तृणमूल कांग्रेस शिकायत कर रही हैं कि केंद्र पैसा नहीं देता। खर्च का कोई हिसाब नहीं है।” नेताओं की जेब भरने के लिए पैसे नहीं दिए गए हैं। राज्य में 8 हजार अयोग्य उम्मीदवारों को नौकरी मिली है।

राज्य सरकारी कर्मचारियों को डीए नहीं दिया गया है। दिन पर दिन राज्य पिछड़ रहा है। इस जिले में प्रशासन की नाक के नीचे बालू तस्करी की जा रही है। भाजपा के इस विरोध रैली को लेकर तृणमूल नेता संजीव धर ने कहा भाजपा को कोई काम नहीं है, इसलिए वे यह सब कर रहे हैं। हमारी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ कदम उठा रही है। हमारी पार्टी भ्रष्टाचार से कोई समझौता नहीं करेगी। आज मुख्यमंत्री 12 हजार किमी सड़क के काम का उद्घाटन कर रही हैं।

रात के अंधेरे में पंचायत कार्यालय से फाइलें गुम करने के आरोप पर रणक्षेत्र बना हरिश्चंद्रपुर थाना इलाका

मालदा। रात के अंधेरे में पंचायत कार्यालय से फाइलें गुम होने की शिकायतों से हरिश्चंद्रपुर थाना इलाका रणक्षेत्र बन गया। तृणमूल और सीपीएम समर्थक आपस में भिड़ गए। घटना सोमवार की रात करीब साढ़े 9 बजे हरिश्चंद्रपुर थाना क्षेत्र के सुल्ताननगर ग्राम पंचायत क्षेत्र में हुई है। तृणमूल के हमले में डीवाईएफआई का एक कार्यकर्ता लहूलुहान हो गया। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पंचायत के कार्यपालक बिप्लप चक्रवर्ती व पंचायत सहायक दीपांकर प्रमाणिक पंचायत कार्यालय से 100 दिन की परियोजना की फाइल चोरी करने के लिए रात में पंचायत खोल रहे थे।

यह भी पढ़ें:  कोलकाता में लेडी डॉक्टर की मौत पर बवाल, ममता ने दोषियों के लिए फांसी की मांग की

2 डीवाईएफआई कार्यकर्ता व एक पंचायत सदस्य घर जाते समय पंचायत के पास से गुजर रहे थे। तभी उन्हें पंचायत का गेट खुला हुआ मिला। पंचायत सचिव बापी विश्वास ने उन्हें देख लिया और गेट बंद कर भागने की कोशिश की। इसपर उन्हें शक हुआ। जब उन्होंने पंचायत सचिव से नाम, पहचान और रात में पंचायत खोलने का कारण पूछा तो उन्होंने कथित तौर पर बिना कुछ जवाब दिए भागने की कोशिश की। इसके बाद छिपे हुए तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला कर दिया। डीवाईएफआई कार्यकर्ता मोहम्मद इरफान तृणमूल के हमले में घायल हो गए थे। दोनों की बाइकें तोड़ दी गईं दोनों पक्षों ने हरिश्चंद्रपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

Kolkata News Desk Avatar

Kolkata News Desk

News Editor MA

कोलकाता और पश्चिम बंगाल की ब्रेकिंग न्यूज, स्थानीय घटनाओं, खेल, राजनीति और सामाजिक मुद्दों की खबरों को कवर करता है। हमारी डेस्क टीम 24×7 सक्रिय रहकर पाठकों को ताज़ा और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराती है।

Areas of Expertise: Sports, Politics & West Bengal
Fact Checked & Editorial Guidelines

Our Fact Checking Process

We prioritize accuracy and integrity in our content. Here's how we maintain high standards:

  1. Expert Review: All articles are reviewed by subject matter experts.
  2. Source Validation: Information is backed by credible, up-to-date sources.
  3. Transparency: We clearly cite references and disclose potential conflicts.
Reviewed by: Subject Matter Experts

Our Review Board

Our content is carefully reviewed by experienced professionals to ensure accuracy and relevance.

  • Qualified Experts: Each article is assessed by specialists with field-specific knowledge.
  • Up-to-date Insights: We incorporate the latest research, trends, and standards.
  • Commitment to Quality: Reviewers ensure clarity, correctness, and completeness.

Look for the expert-reviewed label to read content you can trust.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 × 4 =