Vlcsnap 2023 03 27 15h45m39s15

उत्तर बंगाल की खबरों पर एक नजर…

नगरनिगम के बोर्ड बैठक में सड़क समस्या पर हुई चर्चा

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी नगरनिगम की बोर्ड बैठक सोमवार दोपहर करीब 1 बजे नगरनिगम के प्रधान कार्यालय में सम्पन्न हुई। इस बैठक में विपक्ष ने सिलीगुड़ी शहर में यातायात की समस्या को लेकर एक प्रस्ताव लाया। इसके जवाब में मेयर गौतम देव ने कहा कि ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए धीरे-धीरे उपाय किए जा रहे हैं। यह स्थिति पुरानी सरकार द्वारा अनियोजित ढंग से शहर का निर्माण किए जाने का परिणाम है। ट्रैफिक से निपटने के लिए जगह-जगह पुल बनाए जा रहे हैं, पार्किंग बनाई जाएगी। समय के साथ इस मुद्दे को सुलझा लिया जाएगा।

ओवरटेक करते हुई एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त, उच्चमाध्यमिक परीक्षार्थी समेत कई घायल

सिलीगुड़ी। दो यात्री बसों के बीच रेस में एक बस नियंत्रण खोकर पलट गई। यह घटना फांसीदेवा के घोषपुकुर में मदती टोल प्लाजा के सामने हुई। ज्ञात हुआ है कि दो बसें विधाननगर से सिलीगुड़ी आ रही थी। बीच रास्ते में दोनों बसों के बीच रेस शुरू हो गई। एक बस दूसरी बस को ओवरटेक करते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई और एक बस पलट गई। इस घटना में हायर सेकंडरी परीक्षा के 2 छात्र घायल हो गए।

घटना में उच्च माध्यमिक परीक्षार्थी व अन्य कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद घोषपुकुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को रेस्क्यू कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिधाननगर ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल परीक्षार्थी को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद से बस चालक फरार है। पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, 2 घायल

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी महकमा के रंगापानी इलाके में सोमवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गयी। जिससे दो ट्रक पलट गये। स्थानीय लोगों ने ट्रक चालकों को बचा कर उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जानकारी मिली है कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। घटना की खबर मिलते ही फांसीदेवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर रास्ता साफ करते हुए थाने ले गई। जिसके बाद सड़क पर आवाजाही सामान्य हुई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

रिहायशी इलाके में मोबाइल टावर लगाने को लेकर विवाद

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी के अपर शांतिपाड़ा इलाके में मोबाइल टावर लगाए जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध किया। ज्ञात हुआ है कि उस क्षेत्र में बहुमंजिला मोबाइल टावर लगाने का काम शुरू हो गया है। हालांकि, स्थानीय लोग पिछले तीन महीने से इसका विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि यह इलाका आबादी वाला है।

अगर यह मोबाइल टावर यहां बनता है तो दुर्घटनाएं हो सकती हैं, इसके रेडिएशन के कारण आम लोगों को कई तरह की शारीरिक समस्याएं हो सकती हैं। जिसके कारण वे इसका विरोध कर रहे हैं। विरोध के कारण वह काम काफी दिनों से बंद था। हालांकि, आज फिर से काम शुरू होने पर उन्होंने विरोध करना शुरू किया। घटना की सूचना पाकर न्यू जलपाइगुड़ी थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची व परिस्थिति को नियंत्रित किया।

सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 43 के भानुनगर क्षेत्र में जर्जर सड़क के खिलाफ पथावरोध

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी नगरनिगम के वार्ड नंबर 43 के भानुनगर क्षेत्र में सड़क 7 साल से जर्जर अवस्था में है। सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर कई बार आन्दोलन के बावजूद समाधान नहीं किया गया। आखिरकार क्षेत्रवासियों ने सड़क जाम कर सोमवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पिछले 7 वर्षों से सड़क की हालत खराब है। मानसून के दौरान सड़क की हालत और खराब हो जाती है। नतीजतन, उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ता है। आए दिन छोटे बड़े हादसे होते रहते हैं।

यह भी पढ़ें:  कोलकाता कांड के खिलाफ खड़गपुर में प्रदर्शन जारी

स्थानीय लोगों की शिकायत है कि कई बार प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं की गई है। मतदान से पहले सड़क मरम्मत का आश्वासन दिया गया था। अब तक कोई काम नहीं हुआ है। इस वजह से स्थानीय निवासियों ने जाम लगाकर विरोध जताया। कुछ दिन पहले मेयर गौतम देव ने सड़क निर्माण के लिए उत्तर बंगाल विकास मंत्री से बात की थी। उन्होने बताया कि उत्तर बंगाल विकास विभाग जल्द ही सड़क की मरम्मत का काम शुरू करेगा। बताया जा रहा है कि जल्द ही उस सड़क का काम शुरू हो जाएगा।

तृणमूल के कई भ्रष्टाचारों का हवाला देते हुए भाजपा ने महकमा शासक को सौपा ज्ञापन

सिलीगुड़ी। दार्जिलिंग जिला भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों ने सत्तारूढ़ दल तृणमूल के कई भ्रष्टाचारों का हवाला देते हुए महकमा शासक को एक ज्ञापन सौंपा। सोमवार को भाजपा कार्यकर्ता महकमाशासक के कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष, माटीगाड़ा नक्सलबाड़ी के विधायक आनंदमय बर्मन, खोरीबाड़ी विधायक दुर्गा मुर्मू, भाजपा नेता नांटू पाल, राजू साहा और कई सदस्य पहले सड़कों पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया फिर महकमाशाक को एक ज्ञापन सौंपा।

रामनवमी में निकलेगी 81 झांकियां, सिलीगुड़ी में तैयारियां जोरों पर

सिलीगुड़ी। 30 मार्च को रामनवमी के अवसर पर श्री राम नवमी महोत्सव समिति द्वारा विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया है। श्री रामनवमी महोत्सव समिति के सदस्यों ने सोमवार को सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब में पत्रकार वार्ता कर यह बात कही। 30 मार्च को शोभायात्रा सिलीगुड़ी के मल्लागुड़ी हनुमान मंदिर से प्रात: 10:15 बजे निकलेगी। शोभायात्रा महात्मा गांधी मोड़ से होते हुए एसएफ रोड स्थित हिंदी हाई स्कूल पर समाप्त होगी। सुरक्षा, एंबुलेंस समेत तमाम इंतजाम होंगे शोभायात्रा में विशेष आकर्षण के रूप में 81 झांकियां सम्मिलित होंगी।

झांकी के माध्यम से अयोध्या के राम मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि की झांकी प्रस्तुत की जाएगी। विशिष्ठ अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद के अखिल भारतीय संयुक्त सचिव सुरेंद्र कुमार जैन उपस्थित रहेंगे। इस दिन श्री रामनवमी महोत्सव समिति के अध्यक्ष देवव्रत मित्रा कहा, रामनवमी जुलूस में 5 लाख लोग शामिल होंगे। शोभायात्रा में 81 झांकियां निकलेगी। इसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों की परिक्रमा की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी होगी।

सिलीगुड़ी में चैती छठ की धूम, भक्तों व दर्शनार्थियों की उमड़ी भीड़

सिलीगुड़ी। चैती छठ को लेकर सिलीगुड़ी के महानंदा सहित विभिन्न घाटों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महनंदा नदी के तमाम घाटों पर छठब्रति भारी संख्या में उपस्थित होकर पूजा अर्चना की। वहीं महानंदा पुल पर दर्शनार्थियों की भीड़ देखने को मिली। संतोषी घाट में जनसेवा समिति एववं नव युवक बृंद क्लब की पहल पर श्री श्री चैती छठ पूजा उत्सव 2013 का आयोजन किया गया। वैसे ही विभिन्न घाटों पर अलग अलग पूजा आयोजक संगठनों ने भक्तों की सुविधा के लिए तमाम व्यवस्था की।

राहुल गांधी के सांसद पद को रद्द करने के विरोध में काेंग्रेसियों ने नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका

कूचबिहार। राष्ट्रीय कांग्रेस के विभिन्न संगठनों ने सोमवार को कूचबिहार में विरोध रैली व हरीश पाल चौपथी पर प्रधानमंत्री का पुतला फूंककर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और राहुल गांधी के सांसद पद को रद्द करने के विरोध में जिला अनुसूचित व जनजातिय विभाग, जिला सेवा दल और जिला महिला कांग्रेस की ओर से आज कूचबिहार में विरोध मार्च निकाला गया।

विरोध मार्च के साथ ही संगठन के सदस्यों ने कूचबिहार शहर के हरीश पाल चौपाथी पर नरेंद्र मोदी का पुतला फूंक कर प्रदर्शन भी किया। कांग्रेस के विभिन्न संगठन के सदस्यों ने गांधी प्रतिमा के नीचे विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गए। कूचबिहार जिला कांग्रेस सेवा दल के सुब्रत मुखोपाध्याय ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक के बाद एक जनविरोधी गतिविधियों सहित राहुल गांधी के सांसद पद को खारिज करने का वे विरोध कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:  उत्तर बंगाल की खबरों पर एक नजर…

1अप्रैल से गायन महोत्सव का आयोजन, लैंसडाउन हॉल में चल रही जोरों की तैयारी

कूचबिहार। ‘आबृती नीर’ संगठन के 31वें वर्षगांठ के अवसर पर 1 अप्रैल को कूचबिहार के लेंसडाउन हॉल में आबृती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आज कूचबिहार प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के माध्यम से आवर्ती नीर संस्थान की ओर से लिजा चक्रवर्ती ने कहा कि उनका महोत्सव एक अप्रैल को सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा। सुबह 9 बजे सबसे पहले कूचबिहार में सागरदिघी के आसपास शोभायात्रा निकाली जाएगी।

इसके बाद दिन भर तरह-तरह के कार्यक्रम होते हैं। इस आयोजन के माध्यम से विभिन्न सामाजिक कार्य करने वाली 16 संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि शाम को मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जायेगा। गायन उत्सव के अवसर पर आबृती नीर संस्था के सदस्यों में काफी उत्साह देखा गया।

केंद्रीय परियोजनाओं को राज्य के नाम से प्रचार करने का आरोप, जिलाशासक कार्यालय के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाली रैली

जलपाईगुड़ी। केंद्र की योजनाओं को झूठे नामों से प्रचारित कर रही है राज्य सरकार। विभिन्न केंद्रीय परियोजनाओं के लिए पैसा लूटा जा रहा है। इस शिकायत को लेकर भाजपा ने जलपाईगुड़ी में धरना आंदोलन शुरू कर दिया। जलपाईगुड़ी में सोमवार को जिलाशासक कार्यालय के सामने भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला। तभी पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। इसके विरोध में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष बापी गोस्वामी ने शिकायत करते हुए कहा, ‘हम बिना माइक्रोफोन के ही आंदोलन कर रहे हैं।’

हालांकि पुलिस ने हमें रोक लिया। इसलिए हम सड़कों पर बैठने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि जलपाईगुड़ी में रेत तस्करी की घटना में भूमि सुधार अधिकारी खुद शामिल हैं। साथ ही भर्ती में भ्रष्टाचार समेत विभिन्न आरोपों को लेकर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्रीय परियोजनाओं को झूठे नामों से प्रचार कर रही है। विभिन्न केंद्रीय परियोजनाओं के लिए पैसा लूटा जा रहा है।

आजादी के 75 साल बाद भी बुनियादी सुविधाओं से हैं दूर, कई परिवारों ने तृणमूल छोड़ भाजपा का थामा दामन

जलपाईगुड़ी। क्षेत्र का विकास नहीं हुआ है, इस आरोप पर कई परिवार तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। आजादी के 75 साल बाद भी बुनियादी सुविधाओं से दूर हैं धूपगुड़ी प्रखंड के झाड़ अल्टा 1 ग्राम पंचायत के गढ़ियालतारी इलाके के लोग। राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि राज्य में हर जगह विकास पहुंचा है। हालांकि, जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी प्रखंड के झाड़ अल्टा 1 ग्राम पंचायत के गढ़ियालतारी इलाके में तस्वीर थोड़ी अलग है। गढ़ियालटारी के सिंह पाड़ा में करीब 25-30 परिवार रहते हैं।

स्थानीय लोगों की शिकायत है कि यहां बिजली कनेक्शन नहीं पहुंचा है, सड़क, पेयजल की सुविधा नहीं दी गई है। लिहाजा गढ़ियालतारी सिंह पाड़ा इलाके के सैकड़ों लोग रविवार की शाम तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। जलपाईगुड़ी के सांसद डॉ. जयंत कुमार रॉय ने उन्हें पार्टी का झंडा सौंपा। धूपगुड़ी के विधायक बिष्णुपद राय, धूपगुड़ी पश्चिम मंडल के अध्यक्ष कमलेश सिंह राय सहित अन्य भी उपस्थित थे। पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में गहमागहमी का माहौल है।

अपने ही ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक की मौत

उत्तर दिनाजपुर। चोपड़ा थाने के लालबाजार गेनामोड़ इलाके में ट्रैक्टर चालक की अपने ही ट्रैक्टर से कुचलकर मौत से सनसनी फैल गई है। सोमवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक जरीफुल इस्लाम की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर दासपाड़ा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए इस्लामपुर महकमा अस्पताल भेज दिया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चोपड़ा थाना क्षेत्र के घिरनीगांव ग्राम पंचायत के गरुबन गोवाबाड़ी इलाके के रहने वाले 65 वर्षीय जरीफुल इस्लाम पिछले 2 दशकों से ट्रैक्टर चला रहे हैं।

यह भी पढ़ें:  बंगाल में कोरोना वायरस के 3,157 नये मामले, 57 मरीजों की मौत

सोमवार को लालबाजार के जेनामोड़ इलाके में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में गिर जाने से जरीफुल ट्रैक्टर के नीचे दब गया। स्थानीय लोग जरीफुल को बचाने पहुंचे तो उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खबर सुनकर मौके पर मौजूद परिजन फूट-फूट कर रोने लगे। दासपाड़ा चौकी पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

कर्णजोड़ा डीएम कार्यालय में भाजपा-पुलिस संघर्ष से भारी तनाव

उत्तर दिनाजपुर। भाजपा डीएम कार्यालय घेराव कार्यक्रम को लेकर रायगंज के कर्णजौड़ा में भाजपा व पुलिस के बीच धक्कामुक्की से भारी हंगामा खड़ा हो गया। डीएम कार्यालय के सामने के गेट को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा तोड़ने का प्रयास किया गया। गेट की बेड़ी सहित ताला तोड़कर गेट से प्रवेश करने से भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया। घटना को लेकर इलाके में भारी तनाव है। भाजपा ने गेट के सामने बैठकर चोर, चोर के नारे लगाकर विरोध जताया।

राहुल गांधी के सांसद पद रद्द करने के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला फूंका

अलीपुरद्वार। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अडिग नेता राहुल गांधी की अनैतिक बर्खास्तगी के विरोध में फालाकाटा ब्लॉक कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंक कर फालाकाटा ट्रैफिक मोड़ पर विरोध प्रदर्शन किया। अलीपुरद्वार जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष मृण्मय सरकार ने इस कार्यक्रम का संचालन किया।

अलीपुरद्वार जिला कांग्रेस सोशल मीडिया सेल के अध्यक्ष संदीप बोस, पश्चिम बंगाल प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव श्यामला उरांव, अलीपुरद्वार जिला युवा कांग्रेस महासचिव राजू साहा, फालाकाटा ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष अनवर हुसैन, महासचिव श्यामल सूत्रधार, फालाकाटा ब्लॉक कांग्रेस नेता नारायण साहा थे। तपेसर अली, रमजान अली, अल्पसंख्यक नेता आमिर हुसैन, युवा नेता सुनीता ओनराव और अन्य क्षेत्रीय नेता और कार्यकर्ता थे।

Kolkata News Desk Avatar

Kolkata News Desk

News Editor MA

कोलकाता और पश्चिम बंगाल की ब्रेकिंग न्यूज, स्थानीय घटनाओं, खेल, राजनीति और सामाजिक मुद्दों की खबरों को कवर करता है। हमारी डेस्क टीम 24×7 सक्रिय रहकर पाठकों को ताज़ा और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराती है।

Areas of Expertise: Sports, Politics & West Bengal
Fact Checked & Editorial Guidelines

Our Fact Checking Process

We prioritize accuracy and integrity in our content. Here's how we maintain high standards:

  1. Expert Review: All articles are reviewed by subject matter experts.
  2. Source Validation: Information is backed by credible, up-to-date sources.
  3. Transparency: We clearly cite references and disclose potential conflicts.
Reviewed by: Subject Matter Experts

Our Review Board

Our content is carefully reviewed by experienced professionals to ensure accuracy and relevance.

  • Qualified Experts: Each article is assessed by specialists with field-specific knowledge.
  • Up-to-date Insights: We incorporate the latest research, trends, and standards.
  • Commitment to Quality: Reviewers ensure clarity, correctness, and completeness.

Look for the expert-reviewed label to read content you can trust.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *